राजस्थान में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लगे सचिन पायलट को सीएम बनाने के नारे

Bharat Jodo Yatra: भारत जोड़ो यात्रा अब राजस्थान में है। कांग्रेस पार्टी की यहां पर सरकार है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच तनातनी जग जाहिर है। हालांकि अब दोनों ही नेता किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को खारिज कर रहे हैं, लेकिन एक बार फिर से भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सचिन पायलट के समर्थन में नारेबाजी हुई।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 100 दिन पूरे कर चुकी है। आज एक बार फिर से राहुल गांधी ने राजस्थान के दौसा से पैदल अपनी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान सचिन पायलट के समर्थन में लोगों ने नारेबाजी की।
दौसा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान का एक वीडियो सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि कुछ व्यक्ति जोकि पार्टी का झंडा लिए हुए हैं, वह सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगा रहे है। वो नारे लगा रहे हैं कि हमारा सीएम कैसा हो, सचिन पायलट जैसा हो। गौर करने वाली बात है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब आठवे राज्य में पहुंच चुकी है। कन्याकुमारी से शुरू हुई यह भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर तक चलेगी।
भारत जोड़ो यात्रा जब राजस्थान पहुंची थी तो हर किसी की नजर गहलोत और पायलट पर थी। दरअसल अशोक गहलोत ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान सचिन पायलट को गद्दार कह दिया था। यही वजह है कि दोनों के बीच का विवाद एक बार फिर से खुलकर सामने आ गया था। शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि पार्टी की परंपरा किसी को नीचा दिखाने की नहीं है। हमारी पार्टी फासिस्ट नहीं है, यह किसी तानाशाह की पार्टी नहीं है। हम बहस के लिए तैयार हैं। हम सहन करना जानते हैं। यह सिर्फ राजस्थान की बात नहीं है। यह कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की परंपरा है, पार्टी के नेता कुछ कहना चाहते हैं तो हम उन्हें चुप नहीं करते हैं। हालांकि विरोध को पार्टी को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए।