देश के 8 शहरों में लांच हुई एयरटेल 5G प्लस सेवा,जानिए सबकुछ
नई दिल्ली। दूरसंचार सेवा प्रदान करने वाली निजी कंपनी भारती एयरटेल ने आज देश के आठ शहरों में एयरटेल 5 जी प्लस सेवाएं शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2023 तक पूरे देश में यह सेवा उपलब्ध होगी। कंपनी ने एयरटेल 5 जी प्लस के तहत तीव्र स्पीड, बेहतर आवाज गुणवत्ता, सभी 5 जी स्मार्टफोन पर नेटवर्क के काम करने और पर्यावरण हितैषी होने का वादा भी किया है।
कंपनी ने कहा कि इस सेवा के पूरी तरह शुरू होने तक ग्राहक वर्तमान डेटा प्लान के तहत इस सेवा का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए सिम बदलने की भी जरूरत नहीं होगी और 4 जी सिम ही 5 जी सिम के रूप में काम करेगा। कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि यह सेवा अभी दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद, सिलिगुड़ी, नागपुर और वाराणसी में शुरू की जा रही है। बाकी शहरों में भी चरणबद्ध तरीके से यह सेवा शुरू की जाएगी।
कंपनी ने दावा किया कि वर्तमान स्थिति में 20 से 30 गुना अधिक स्पीड में बेहतर अनुभव प्रदान करेगी। उसने कहा कि एयरटेल ने पिछले एक वर्ष में 5 जी के पावर का प्रदर्शन किया है। एयरटेल 5 जी इन्नोवेशन के मामले में सबसे आगे है।