मदर डेयरी ने सोयाबीन और चावल भूसी तेल के दाम घटाए, जानिए तेल की नई कीमतें

 

मदर डेयरी ने सोयाबीन और चावल भूसी तेल (राइस ब्राइन) के दाम घटा दिए है। कंपनी ने गुरुवार को घोषणा करते हुए सोयाबीन और राइस ब्रान ऑयल की कीमतों में 14 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती की है।

बता दें कि खाद्य तेलों के वैश्विक कीमतों में गिरावट आई है। जिसका लाभ उपभोक्ताओं को देने के सरकारी निर्देश के एक दिन बाद मदर डेयरी ने यह फैसला किया है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि सरकार के हस्तक्षेप के बाद उपभोक्ताओं को तेल कीमतों में आई गिरावट का लाभ देते हुए हमने धारा सोयाबीन तेल और चावल भूसी तेल के MRP को 14 रुपये प्रति लीटर तक कम कर दिया है। नई कीमतों वाले उत्पाद अगले हफ्ते तक बाजार में उपलब्ध होंगे।

इस कटौती के बाद धारा रिफाइंड सोयाबीन तेल 194 रुपये प्रति लीटर की मौजूदा कीमत की तुलना में 180 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा। धारा रिफाइंड चावल भूसी तेल के मामले में कीमत 194 रुपये प्रति लीटर से घटकर 185 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। कंपनी को अगले 15-20 दिनों में सूरजमुखी तेल के MRP में कमी होने की उम्मीद है।