Telly Awards 2025 में राजन शाही की डायरेक्टर्स कट प्रोडक्शन का जलवा- 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' और 'अनुपमा' ने बटोरें कई पुरस्कार
मशहूर निर्माता राजन शाही के लिए इंडियन टेली अवॉर्ड्स 2025 की रात बेहद खास रही। उनकी प्रोडक्शन कंपनी डायरेक्टर्स कट प्रोडक्शन के दो सबसे पसंदीदा धारावाहिक — ये रिश्ता क्या कहलाता है और अनुपमा — ने कई बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। ये अवॉर्ड्स सिर्फ मेहनत और रचनात्मकता का सम्मान नहीं थे, बल्कि उन भावनाओं का जश्न भी थे, जो इन धारावाहिकों ने दर्शकों के दिलों में जगह बनाकर पैदा की हैं।
'ये रिश्ता क्या कहलाता है', जो लंबे समय से भारतीय टेलीविजन पर राज कर रहा है, को सर्वश्रेष्ठ डेली सीरियल और लगातार चलने वाला सर्वश्रेष्ठ धारावाहिक जैसे बड़े पुरस्कार मिले। इसके साथ ही इस शो ने तकनीकी श्रेणियों में भी बाज़ी मारी — सर्वश्रेष्ठ पृष्ठभूमि संगीत, कॉस्ट्यूम, कोरियोग्राफी, संपादन और कहानी लेखन जैसे अवॉर्ड्स भी इस धारावाहिक के हिस्से आए।
अभिनेत्री गर्विता साधवानी को नकारात्मक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और प्रशंसकों की पसंदीदा सहायक अभिनेत्री का सम्मान मिला। पूरी टीम को सर्वश्रेष्ठ कलाकार समूह (एन्सेंबल कास्ट) का अवॉर्ड मिला। मुख्य जोड़ी रोहित पुरोहित और समृद्धि शुक्ला को सर्वश्रेष्ठ ऑनस्क्रीन जोड़ी का पुरस्कार मिला और रोहित को प्रशंसकों का पसंदीदा अभिनेता भी चुना गया।
वहीं दूसरी ओर, भारत का सबसे लोकप्रिय और सबसे ज़्यादा देखा जाने वाला धारावाहिक 'अनुपमा', जिसे राजन शाही और उनकी माँ दीपा शाही ने मिलकर बनाया है, ने भी कई बड़े सम्मान जीते — सर्वश्रेष्ठ पारिवारिक नाटक और लगातार चलने वाला धारावाहिक दोनों अवॉर्ड्स इसके नाम रहे।
मुख्य अभिनेत्री रूपाली गांगुली को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ टेलीविज़न हस्ती और प्रशंसकों की पसंदीदा अभिनेत्री का खिताब मिला। उनकी दमदार अदाकारी को करोड़ों दर्शकों ने सराहा है। राजन शाही और दीपा शाही को सर्वश्रेष्ठ निर्माता (काल्पनिक धारावाहिक) का पुरस्कार संयुक्त रूप से दिया गया। हालांकि दीपा शाही कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाईं, लेकिन उनके योगदान को मंच पर याद किया गया।
राजन शाही इस अवसर पर अपनी बेटी ईशिका शाही के साथ मौजूद थे। ईशिका ने कुछ अवॉर्ड जीतने के दौरान मंच पर अपने पिता का साथ दिया। राजन ने भावुक होकर कहा, "‘ये रिश्ता’ और ‘अनुपमा’ दोनों के लिए जीतना मेरे लिए बहुत खास है। मैं हर तकनीशियन, कलाकार, लेखक और हमारे दर्शकों का दिल से धन्यवाद करता हूँ। और ईशिका का मेरे साथ होना इस शाम को और भी यादगार बना गया।" इन पुरस्कारों के साथ, राजन शाही ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय टेलीविज़न के सबसे भरोसेमंद और भावनाओं से भरपूर कहानियाँ सुनाने वाले निर्माताओं में से एक हैं — जो हर पीढ़ी को जोड़ने में सक्षम हैं।