भारत में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, पिछले 24 घंटों में 8,582 नए मामले आए सामने
भारत में एक बार फिर कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिसको देखते हुए चौथी लहर की आशंका भी जताई जाने लगी है। देश में लगातार तीसरे दिन आठ हजार के पार कोविड-19 के नए मामले दर्ज किए गये हैं। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8,582 नए मामले सामने आ चुके हैं और 4 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। वहीं देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 44,513 हो चुकी है।
बात की जाए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तो पिछले 24 घंटे में कोरोना के 795 नए केस सामने आ चुके हैं और संक्रमण दर 4.11 फीसदी दर्ज की जा चुकी है। हालांकि इस दौरान 556 संक्रमित व्यक्ति ठीक भी हुए हैं। राहत की बात यह भी है कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति की कोरोना से मौत नहीं हुई है। राजधानी दिल्ली में अब एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 2247 हो गई है। इनमें से 92 मरीज अस्पताल में अब भी भर्ती हैं। दिल्ली कोविड रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में 19,326 टेस्ट किए जा चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पिछले दिनों सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में COVID19 मामलों में तेजी देखी गई है। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को अपनी सुरक्षा कम नहीं करनी चाहिए और महामारी की स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए जो काम अब तक किए गए हैं उन्हें जारी रखना चाहिए।