रूस के भ्रम में अपने ही कारोबार को नुकसान पहुंचा रहे अमेरिकी
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 18वां दिन है, दोनों देशों के बीच जंग दिन-ब-दिन और खतरनाक होती जा रही है। यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस के खिलाफ यूरोपीय व अन्य देशों के साथ अमेरिका ने भी कई प्रतिबंध लगाए हैं।
अमेरिका में रूस, खासकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जुड़े लोगों की कंपनियों के उत्पादों का बड़े पैमाने पर बहिष्कार हो रहा है। परंतु, समस्या यह है कि अमेरिका में रूस निर्मित वस्तुओं का इस्तेमाल ही बहुत कम होता है।
अमेरिकी कारोबार पर असर
रूसी वोदका और तेल का भी बहिष्कार किया जा रहा है। अगर तेल की बात करें तो अमेरिका में रूसी तेल की खपत मात्र तीन फीसद है। इसी तरह राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी वोदका के आयात पर पाबंदी लगा दी है। सच्चाई यह है कि अमेरिका में रूसी निर्मित वोदका की खपत मात्र एक फीसद है। बाकी वोदका का रूस से कुछ लेना देना नहीं है। अमेरिका के कुछ प्रांतों ने रूसी स्पिरिट पर रोक की नीति बनाई है, लेकिन इसका असर सिर्फ दो ब्रांडों पर ही पड़ा है, जिनकी खपत भी बहुत कम है। इसी तरह स्टोलिचनय के बहिष्कार का आनलाइन अभियान चलाया जा रहा है, जबकि 2002 से ही इसका उत्पादन लातविया में हो रहा है और मूल कंपनी स्टोली ग्रुप का मुख्यालय लक्जमबर्ग में है।