युद्ध के 25 दिन बाद भी पुतिन-जेलेंस्की झुकने को तैयार नहीं, राजधानी कीव पर कब्जे की जंग तेज
रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 25वां दिन है। यूक्रेन के शहरों पर रूसी हमले जारी हैं। मारियुपोल शहर में रूस लगातार हमला कर रहा है। बताया जा रहा है कि मारियुपोल में 80 फीसदी रिहायशी इलाके पूरी तरह तबाह हो चुके हैं।
अभी भी मारियुपोल शहर में लोग फंसे हुए है। यूक्रेन का दावा है कि रूस अब आम नागरिकों को निशाना बना रहा है। हालांकि रूस की तरफ से रिहायशी इलाकों पर हमले की बात से इनकार किया गया है।
यूक्रेन के ज्यादातर शहरों में रूसी हमले का अलर्ट जारी किया गया है। यूक्रेन की सरकार ने सुमी, माइकोलाइव, टेरनोपिल, पोल्टावा, किरोवोह्रद, खारकीव, जापोरिज्जिया, कीव, लवीव, इवानो-फ्रैंकिव्स्क, निप्रॉपेट्रोव्स्क, रिव्ने, वोलिन, चर्कासी, जॉइटॉमिर, विन्नित्सिया, ओडेसा और ओब्लास्ट में हवाई हमले का अलर्ट जारी करते हुए लगातार सायरन बजाए जा रहे हैं।
खबरों के मुताबिक कीव पर कब्जे के लिए रूस की तरफ से हमले तेज कर दिए हैं। रूसी हमले में कीव शहर में भारी तबाही मची हुई है। यूक्रेन की तरफ से दावा किया गया है कि रुसी हमलों में अबतक सिर्फ कीव शहर में ही 228 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल है। वहीं हमलों में 16 बच्चों सहित 912 लोग घायल हुई है।
इस बीच जापोरोझाई में रूसी-य़ूक्रेनी सेना में आमने सामने की जंग हो रही है। यूक्रेनी सेना ने बड़ा दावा किया है कि जवाबी कार्रवाही में रूसी सेना के बड़ा नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन रक्षा मंत्रालय के मुताबिक सेना ने जापोरोझाई की तरफ जा रहे रुसी सेना के काफिला पर हमला किया है। जिसमें 60 रूसी सैनिक मारे जाने का दावा किया है। वहीं एक K-52 हेलिकॉप्टर को भी तबाह किया है।