FIA ने पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान को अवैध फंडिंग मामले में भेजा नोटिस, हो सकती है गिरफ्तारी 

 

पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान को देश की शीर्ष जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं होने तथा अवैध फंडिंग के मामले में उसके नोटिस का जवाब नहीं देने के सिलसिले में गिरफ्तार किया जा सकता है। मीडिया की रिपोर्ट में शनिवार को यह जानकारी सामने आई। संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने इस संबंध में इमरान खान को दूसरा नोटिस जारी किया।

रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान को पिछले बुधवार को पहला नोटिस भेजा गया था, लेकिन उन्होंने FIA की टीम के समक्ष पेश होने से इनकार कर दिया। खबर में FIA के उच्चस्तरीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि इमरान खान को गिरफ्तार करने का अंतिम फैसला 3 नोटिस जारी करने के बाद लिया जा सकता है। सूत्रों के हवाले से खबर में कहा गया है कि FIA ने पूर्व PM की पार्टी से संबंधित 5 कंपनियों का पता लगाया है जो अमरीका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्रिटेन और बेल्जियम में काम कर रही है। पाकिस्तान के चुनाव आयोग को सौंपी गई रिपोर्ट में इन कंपनियों का उल्लेख नहीं किया गया है।