दक्षिण चीन सागर में डूबा हांगकांग का मशहूर जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां

 

हांगकांग का आइकन जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां दक्षिण चीन सागर में डूब गया। यह तैरता रेस्टोरेंट कभी हांगकांग का प्रसिद्ध पर्यटक आकर्षण था, जो शहर से दूर जाने के बाद डूब गया। कुछ आनलाइन टिप्पणीकारों ने रेस्टोरेंट के डूबने को हांगकांग के भविष्य के लिए एक रूपक के रूप में वर्णित किया।

इसके मलिकाना हक वाली कंपनी एबरडीन रेस्तरां एंटरप्राइजेज ने सोमवार को यह जानकारी दी, कि रविवार को दक्षिण चीन सागर में पारासेल द्वीप समूह के पास से गुजरते समय जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां खराब मौसम का शिकार हो गया था। इसके बाद रेस्तरां के अंदर पानी भरने लगा और वह डूबने लगा।

कंपनी के मुताबिक, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन तैरते रेस्तरां को बचाने के सभी प्रयास नाकाम रहे और रविवार को यह पूरी तरह से डूब गया। कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा, ''घटनास्थल पर पानी की गहराई 1,000 मीटर से अधिक थी। ऐसे में बचाव कार्यों को अंजाम देना बेहद मुश्किल हो गया था।'' बयान में कंपनी ने कहा है कि वे इस हादसे से बेहद दुखी हैं।'

एक चीनी शाही महल जैसा दिखने वाला जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां की लंबाई लगभग 80 मीटर थी। यह बीते चार दशक से अधिक समय से हांगकांग में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा था। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और टॉम क्रूज सहित 30 लाख से अधिक मेहमान इसमें मशहूर 'कैंटोनीज' व्यंजनों का लुत्फ उठा चुके हैं।

जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां को साल 2020 में कोविड-19 वैश्विक महामारी की वजह से बंद कर दिया गया था। कंपनी ने तब रखरखाव की भारी लागत का हवाला देते हुए इस रेस्तरां के सभी कर्मचारियों को भी निकाल दिया था। इसके बाद से इस रेस्तरां को पुनर्जीवित करने के कई प्रयास किए गए लेकिन वे सभी नाकाफी साबित हुए।