Russia Ukraine War: मिकोलीव का एयरपोर्ट रूसी मिसाइलों ने किया तबाह, जापान ने लगाए प्रतिबंध

 

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को डेढ़ महीना बीत चुका है. बावजूद इसके दोनों देश झुकने को तैयार नहीं है और रूसी सैनिक लगातार यूक्रेन के एक के बाद एक शहर में तबाही मचा रहे हैं.

इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि मारियुपोल में अब तक करीब 10 हजार लोग मारे जा चुके हैं. जिसमें 186 बच्चे भी शामिल हैं. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की चर्चा हो चुकी है. इस बीच जापान ने भी रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने को मंजूरी दे दी है.

बता दें कि जापान ने रूस के 28 संगठन और 300 से ज्यादा लोगों पर प्रतिबंध लगाए हैं. वहीं दूसरी ओर मंगलवार को यूक्रेन के शहर मिकोलीव में रूस ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की. इसमें मिकोलीव एयरपोर्ट पूरी तरह तबाह हो गया है. रूस अब तक यूक्रेन के खारकीव, बुचा, मारियुपोल समेत कई शहरों को तबाह कर चुका है. मंगलवार को दक्षिण कोरिया की संसद को एक वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने कहा कि मारियुपोल में 10 हजार लोग मारे गए हैं. उन्होंने सांसदों से सैन्य सहायता देने की अपील की.

इस बीच सोमवार को लिथुआनियाई प्रधानमंत्री ने यूक्रेन के तबाह बोरोडिएंका का दौरा किया. उन्होंने कीव के पास युद्धग्रस्त यूक्रेनी शहर बोरोडियनका के हालात देखे. यहां रेस्क्यू टीम को रूस कब्जे के बाद मलबे के नीचे और शव मिले हैं. बता दें कि बुचा में हुए नरसंहार के बाद हजारों लोगों की जिंदगी बर्बाद हो चुकी है. सैकड़ों बच्चे ऐसे हैं, जिनके सिर से मां या पिता का साया उठ गया है.

रूस के इस अमानवीय कृत्य में 16 बच्चों की भी जान गई है. बिजली, पानी, इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मिसाइलों और गोला- बारूद के हमलों में नष्ट हो गई हैं. यहां तक कि खाने के लिए भी लोगों के पास कोई इंतजाम नहीं हैं. सरकार या फिर दानदाताओं की तरफ से लगाए जाने वाले स्टॉल्स पर लोग निर्भर हैं.