Independence Day 2023: पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को 15 अगस्त की दी बधाई
Independence Day 2023: आज पूरा देश 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को 15 अगस्त की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। बता दें कि पीएम मोदी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज लगातार 10वीं बार लाल किले से देश को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए लिखा, आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। आइए, इस ऐतिहासिक अवसर पर अमृतकाल में विकसित भारत के संकल्प को और सशक्त बनाएं। जय हिंद!
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से तिरंगे को फहराया और देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार प्राकृतिक आपदाओं ने देश के अनेक हिस्सों में अकल्पनीय संकट पैदा किया। मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने इन संकटों को झेला। केंद्र और राज्य मिलकर आप लोगों की हर संभव मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब हम इतिहास पर नजर डालते हैं तो कुछ पल ऐसे होते हैं जो अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं, जिसका प्रभाव सदियों तक रहता है। शुरुआत में यह बहुत छोटी लगती है, लेकिन वह अनेक समस्याओं की जड़ बन जाती है। 1000-1200 साल पहले एक छोटे से राज्य पर हमला हुआ, तब पता नहीं था वह एक घटना देश को गुलामी की जंजीरों में जकड़ देगी। जो चाहे आया लूटता रहा।