पंकज उधास के निधन पर पीएम मोदी का  भावुक ट्वीट- 'उनकी गजलें सीधे आत्मा से बात करती थीं

 

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मशहूर गजल गायक पंकज उधास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी गजलें सीधे आत्मा से बात करती थीं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स हैंडल पर अपने शोक संवेदना में लिखा है " हम पंकज उधास के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं, जिनकी गायकी कई तरह की भावनाओं को व्यक्त करती थी और जिनकी ग़ज़लें सीधे आत्मा से बात करती थीं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंकज उधास के निधन पर एक्स हैंडल पर लिखा कि उन्होंने अपनी मधुर आवाज से कई पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया। उनकी ग़ज़लों और गीतों ने हर उम्र और वर्ग के लोगों के दिलों को छुआ। आज उनके चले जाने से संगीत की दुनिया में एक बड़ी रिक्तता आई है, जिसे लम्बे समय तक भर पाना मुश्किल है। वे अपने गीतों और ग़ज़लों के माध्यम से सदैव हमारे बीच रहेंगे।

मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंकज उधास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके 4 दशकों से अधिक के करियर ने संगीत उद्योग को समृद्ध किया और हमें गज़लों की कुछ सबसे यादगार और मधुर प्रस्तुतियां दीं। उनका निधन हमारे संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उल्लेखनीय है कि गजल गायक पंकज उधास का आज निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनकी बेटी नायाब उधास ने उनके निधन की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि वे लंबे समय से बीमार थे और उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ही। उनका मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।