दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूटा, मुंबई इंडियंस की जीत से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की चमकी किस्मत 

 
IPL 2022 में शनिवार को खेले गए एक अहम मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हरा दिया। मुंबई इंडियंस की इस जीत से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की किस्मत चमक गई। इस हार के साथ दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई जबकि RCB प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। मुंबई की टीम को जीत का कोई फायदा नहीं मिला क्योंकि वह पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। 
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच पर सबकी निगाहें टिकी थीं क्योंकि इसी में से प्लेऑफ की चौथी टीम का फैसला होना था। दिल्ली और आरसीबी दोनों के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण था मगर दिल्ली की टीम की इस मैच में हार के साथ आईपीएल से विदाई हो गई। अंकतालिका के मुताबिक इस बार आईपीएल में गुजरात टाइटंस की टीम 14 मैचों में 10 जीत और 20 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स और और लखनऊ की टीमों ने 9-9 मैच जीते हैं मगर नेट रन रेट बेहतर होने के कारण राजस्थान की टीम दूसरे और लखनऊ की टीम तीसरे स्थान पर है। शनिवार को दिल्ली की हार के साथ आरसीबी की टीम 14 मैचों में 8 जीत और 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई जबकि दिल्ली की टीम 14 मैचों में सात जीत और 14 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंचकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

आईपीएल के तय कार्यक्रम के मुताबिक अब 24 मई को पहला क्वालिफायर खेला जाएगा और इसमें गुजरात टाइटंस और राजस्थान के बीच कोलकाता में मुकाबला होगा। 25 मई को कोलकाता में ही लखनऊ सुपरजायंट्स और आरसीबी के बीच एलिमिनेटर मुकाबले में भिड़ंत होगी। 27 मई को खेले जाने वाले क्वालिफायर-2 में पहले क्वालिफायर की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम के बीच भिड़ंत होगी। दूसरे स्थान पर पहुंच जाने के कारण राजस्थान रॉयल्स की टीम को जबर्दस्त फायदा हुआ है जबकि तीसरे स्थान पर खिसक जाने के कारण लखनऊ की टीम को नुकसान उठाना पड़ा है। दरअसल आईपीएल के नियमों के मुताबिक लीग स्टेज की शीर्ष दो टीमों गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच 24 मई को पहला क्वालिफायर खेला जाएगा। इस मैच में हारने वाली टीम को एलिमिनेटर के रूप में एक मैच और खेलने का मौका मिलेगा। लखनऊ की टीम को सिर्फ एलिमिनेटर मुकाबला ही खेलने का मौका मिलेगा। इस मैच में हारने पर लखनऊ की टीम का बोरिया बिस्तर बंध जाएगा।