बारिश की वजह से इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मुकाबला रद्द

 

मेलबर्न में खराब मौसम और बारिश के कारण T20 विश्वकप में मेजबान आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मुकाबला शुक्रवार को बगैर एक गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। दोनों ही टीमो को इस मुकाबले में एक-एक अंक बांटना पड़ा। शुक्रवार शाम 7 बजे मैच शुरू होना था, मगर लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान काफी गीला हो गया था। बारिश थमने पर ग्रांउड स्टाफ मैदान को खेलने लायक बनाने के लिए कड़ी मशक्कत की।

इस बीच अंपायर क्रिस ब्राउन और जोयेल विल्सन ने मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन बारिश फिर से दीवार बन कर खड़ी हो गई, नतीजन दोनो अंपायरों को मैच को निरस्त करने का कड़ा फैसला लेना पड़ा। मुकाबले के बाद इंग्लैंड 3 मैचों में 3 अंक अर्जित कर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि आस्ट्रेलिया इतने ही मैचों में 3 अंक लेकर चौथे स्थान पर संघर्षरत है। इंग्लैंड को धूल चटाने वाली आयरलैंड नेट रन रेट के आधार पर तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए तीनों ही टीमों को अब कड़ा पसीना बहाना पड़ेगा, जबकि दो मैचों में तीन अंक लेकर शीर्ष में बरकरार न्यूजीलैंड की स्थिति फिलहाल अपेक्षाकृत अच्छी है। 

पहले सुबह के सत्र में इसी मैदान पर आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया था। आस्ट्रेलिया का इस विश्व कप में सफर हार के साथ शुरू हुआ था, जब पहले मुकाबले में उसे न्यूजीलैंड के साथ 89 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। हालांकि बाद में मेजबान टीम ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा कर अंकतालिका में अपनी स्थिति सुधारी थी। उधर, इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से पीटकर अपने अभियान का श्रीगणेश जोरदार अंदाज से किया था, मगर बाद में उसे कमजोर मानी जा रही आयरलैंड से पांच रन से हार का सामना करना पड़ा था।