India vs South Africa : दक्षिण अफ्रीका ने पहले T20 मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हराया
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 7 विकेट से हराया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 211 रन बनाए थे. इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 3 विकेट पर 212 रन बनाकर ये मैच अपने नाम किया.
इस मैच में भारत की हार की सबसे बड़ी वजह गेंदबाजों का फ्लॉप शो रहा. अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 43 रन दिए. वहीं, आवेश खान ने 4 ओवर में 35 रन दिए. हर्षल पटेल भी खासे महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 43 रन दिए. पहली बार कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भी प्रभावित नहीं कर सके.
क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट को मिलाकर यह भारत की साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार छठी हार है. इससे पहले भारत को साउथ अफ्रीका दौरे पर लगातार दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों में हार झेलनी पड़ी थी. डुसेन का कैच छोड़ना भारी पड़ा. 15 ओवर के बाद साउथ अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 148 रन था. यहां से नतीजा किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता था. लेकिन, 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने डुसेन का आसान सा कैच छोड़ दिया. डुसेन उस समय 30 गेंदों पर 29 रन बनाकर खेल रहे थे. इसके बाद उन्होंने तेवर बदले और चैके-छक्कों की बारिश कर दी.
ये मैच भारतीय टीम के लिए काफी अहम था, क्योंकि टीम इंडिया अगर ये मैच जीत जाती है तो वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाता. भारत की टीम दुनिया की पहली ऐसी टीम होती, जिसने लगातार 13 T20 इंटरनेशनल मैच जीते होते.