आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से हुई बाहर

 

पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस को लीग के 37वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 36 रन से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2022 में लगातार आठ मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और अब टीम IPL 2022 प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।

लीग के इतिहास में यह छठी बार है जब मुंबई प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। इससे पहले वो, 2008, 2009, 2016, 2018 और 2021 में प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी। आइए उन कारणों पर एक नजर डालते हैं, जिसकी वजह से मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2022 में अपने खराब प्रदर्शन की वजह से शर्मशार होना पड़ा है।

ओपनिंग जोड़ी का ना चल पाना

आईपीएल के 15वें सीजन में मुंबई इंडियंस की ओपनिंग जोड़ी अब तक कुछ बड़ा कमाल नहीं कर पाई है। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन की ओपनिंग जोड़ी इस सीजन में अब तक एक बार भी बड़ी साझेदारी नहीं कर पाई है। शुरुआती आठ मैचों में रोहित ने 153 जबकि ईशान ने 199 ही बनाए हैं। टीम को ठोस स्टार्ट नहीं मिलने की वजह से आगे आने वाले बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ रहा और दबाव में वे भी अपना विकेट थ्रो कर रहे हैं। लगातार आठ मैच हारने के बाद कप्तान रोहित ने भी माना कि कोई भी बल्लेबाज जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं है।

गेंदबाजी में बुमराह को नहीं मिल रहा किसी का साथ

आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी में वो पैनापन नजर नहीं आ रही है, जिसके टीम जानी जाती है। सीजन में 200 का स्कोर बनाने के बाद भी गेंदबाज उसका बचाव नहीं कर पा रहे हैं। मेन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को किसी अन्य गेंदबाजों का सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है। टीम को ट्रेंट बोल्ट की कमी खल रही है, जोकि शुरुआत में नई गेंद से विकेट दिलाते थे। टाइमल मिल्स, जयदेव उनादकट और बासिल थम्पी जैसे गेंदबाज खूब रन लुटा रहे हैं।

मुंबई इंडियंस को ऑलराउंडर्स की कमी खल रही

हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या के न होने से टीम को ऑलराउंडर्स की कमी खल रही है। कीरोन पोलार्ड भी अकेले कुछ खास कमाल नहीं कर पा रहे हैं। वह गेंद और बल्ले से अपनी छाप नहीं छोड़ पा रहे हैं।