NZ vs SL T20: न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 65 रन से हराया
न्यूज़ीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स (104) की शानदार शतक के बाद ट्रेंट बोल्ट (13/4) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका को T20 विश्व कप 2022 में शनिवार को 65 रन से मात दी। न्यूज़ीलैंड ने सुपर-12 मैच में श्रीलंका को 20 ओवर में 168 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में श्रीलंका 19.2 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में जहां ज्यादातर बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके, वहां फिलिप्स ने सैकड़ा जड़कर न्यूजीलैंड को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद बोल्ट ने अपने T20 करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका की हार पर मुहर लगाई।
श्रीलंका ने सिर्फ 8 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद संघर्ष किया लेकिन पूरी टीम मिलकर भी ग्लेन फिलिप्स के 104 रन के स्कोर से 2 रन कम ही बना सकी। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड T20 विश्व कप के ग्रुप-1 में शीर्ष पर बरकरार है, जबकि श्रीलंका बड़ी हार के कारण अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 15 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिये। इसके बाद फिलिप्स ने डैरिल मिशेल के साथ चौथे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करके टीम को संभाला। मिशेल 24 गेंदों पर 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए लेकिन फिलिप्स ने पारी की रफ्तार बढ़ाते हुए T20 विश्व कप में अपना पहला शतक पूरा किया। फिलिप्स 19वें ओवर में महीष तीक्षणा की गेंद पर छक्का जड़कर न्यूजीलैंड के लिए T20 विश्व कप में शतक बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गये। इसके अलावा मिशेल सैंटनर ने 11 रन बनाए जबकि टिम साउदी (04 नाबाद) ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर न्यूजीलैंड को 20 ओवर में 167/7 के स्कोर तक पहुंचाया।
श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शतकवीर फिलिप्स के अलावा अन्य कीवी बल्लेबाजों को हाथ नहीं खोलने दिये। कसुन रजिता ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। वानिंदू हसरंगा ने 4 ओवर में 22 रन देकर डैरिल मिशेल का विकेट लिया, जबकि तीक्षणा, धनन्जय डी सिल्वा और लहिरू कुमारा को भी एक-एक विकेट हासिल हुआ।