विराट कोहली के 100वें टेस्ट के गवाह नहीं बनेंगे दर्शक, सुनील गावस्कर भी हैं निराश

 
भारतीय टीम के बल्लेबाज विराट कोहली अपना 100वां टेस्ट खेलेंगे, जब भारत 4 मार्च से मोहाली के पीसीए स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ उतरेगा। स्टार बल्लेबाज के मील के पत्थर के मैच को लेकर काफी उम्मीदें हैं, लेकिन पीसीए स्टेडियम में दर्शक नहीं होने का फैसला तमाम फैंस को झटका है।

यहां तक कि एक हजारों क्रिकेट प्रशंसक इस बात से नाराज भी हैं।

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने बंद दरवाजों के पीछे विराट कोहली के 100 वें टेस्ट को आयोजित करने के बीसीसीआई के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि मोहाली में फैंस नहीं होना निराशाजनक है, लेकिन बोर्ड ने यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि इस शहर के आसपास कोविड -19 मामले सामने आए हैं।

पीसीए कोषाध्यक्ष आरपी सिंगला ने शनिवार को पुष्टि की कि प्रशंसकों को मोहाली के प्रतिष्ठित स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट देखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सिंगला ने कहा कि यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश के तहत लिया गया है। हालांकि, बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इसी सीरीज के दूसरे मैच में 50 फीसदी दर्शक मौजूद रहेंगे।

सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे से बात करते हुए कहा, "आप जो भी मैच खेलते हैं, आप चाहते हैं कि फैंस वहां रहें। भारत हाल के दिनों में बिना किसी भीड़ के खेला है। कोई भी कलाकार, चाहे वह अभिनेता हो, क्रिकेटर हो, वह दर्शकों के सामने प्रदर्शन करना चाहता है। 100वां टेस्ट बेहद खास है। निराशा होती है कि भीड़ नहीं होने वाली है, लेकिन मुझे लगता है कि निर्णय अधिक हित में लिया गया है। मोहाली और उसके आसपास कोरोना के मामले बढ़ गए हैं, जहां मैच खेला जाने वाला है।