T-20 WC: चैंपियन आस्ट्रेलिया विश्व कप से बाहर
वल्र्ड चैंपियन आस्ट्रेलिया T20 विश्व कप से बाहर हो गई है। शनिवार को सिडनी में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 4 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इसी के साथ आस्ट्रेलिया की T20 विश्व कप में बने रहने की सभी उम्मीदें खत्म हो गईं। इस तरह ग्रुप-1 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
इससे पहले श्रीलंका ने पथुम निसंका (67) के शानदार अद्र्धशतक की मदद से इंग्लैंड के सामने T20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 मुकाबले में शनिवार को 142 रन का लक्ष्य रखा, जिसे इंग्लैंड ने आखिरी ओवर मे ंचार विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। बता दें कि निसंका ने श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने के लिए 45 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की बदौलत 67 रन बनाए। भानुका राजपक्षे ने भी 22 गेंदों पर इतने ही रन का योगदान दिया।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और निसंका ने कुसल मेंडिस (18) के साथ पारी की विस्फोटक शुरुआत की। मेंडिस के आउट होने के बाद भी निसंका ने तेजी से रन बनाना जारी रखा, हालांकि दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। तेज गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी शुरुआत करने के बाद श्रीलंका स्पिन गेंदबाजी के सामने बेअसर नजर आई। श्रीलंका ने आठ ओवर में एक विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए थे, लेकिन लगातार विकेट गंवाने के कारण वह अगले 12 ओवरों में सिर्फ 70 रन ही जोड़ सके। आदिल रशीद ने जहां 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर निसंका का बहुमूल्य विकेट लिया, वहीं बेन स्टोक्स, सैम करन और क्रिस वोक्स ने भी एक-एक विकेट निकाला। अपने पहले ओवर में 17 रन देने वाले मार्क वुड ने भी शानदार वापसी की और 20वें ओवर में 3 विकेट लेते हुए श्रीलंका को 141/8 के स्कोर पर रोक दिया।