भारतीय टीम की नई जर्सी को लेकर विवाद, ICC ले सकता है एक्शन
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में पारी से जीत दर्ज कर 1-0 की बढ़त हासिल की. डेब्यू करते हुए यशस्वी जायसवाल ने 171 रन की पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड बना डाले.
भारतीय टीम को वेस्टइंडीज पर मिली शानदार जीत के बाद टीम इंडिया के जर्सी को लेकर विवाद हो गया है. भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में नई जर्सी पहनकर उतरी थी जिसमें ICC के नियमों का उल्लंघन किया गया है. हर टीम की जर्सी को बनाने का कुछ मापदंड आईसीसी ने निर्धारित किया है जिसकी अनदेखी होने पर एक्शन लिया जा सकता है.
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल मुकाबले उतरी जिसमें उसे हार मिली. इस मैच से पहले ही बीसीसीआई ने एडिडास के साथ करार किया और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल की जर्सी बनाई. इसके बाद बीसीसीआई ने ड्रीम11 के साथ करार किया और जर्सी से Byjus का नाम हटाया गया.
वेस्टइंडीज दौरे के खिलाफ टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज के लिए नई जर्सी बनाई गई जिसमें तीनों फॉर्मेट के लिए नई जर्सी का लांच किया गया. नई जर्सी पहनकर भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दमदार जीत हासिल की. टीम इंडिया की नई टेस्ट जर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है.
भारतीय टीम की नई टेस्ट जर्सी में कंधे पर जो तीन पट्टी लगी है वह आईसीसी के नियमों का उल्लंघन करती है. धारी की चौड़ाई आईसीसी नियमों से अधिक चौड़ी है. नियम के मुताबिक़ एक धारी की चौड़ाई अधिकतम 0.5 सेंटीमीटर हो सकती है लेकिन इसे इससे ज्यादा चौड़ा रखा गया है. आईसीसी नियमों के उल्लंघन के लिए क्या एक्शन लेती है यह देखना होगा लेकिन जर्सी को बदलना पक्का है.