वेस्टइंडीज टीम में लौट रहा है खूंखार खिलाड़ी, वर्ल्ड कप जिताने के लिए देगा कुर्बानी

 

New Delhi: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई. पिछले साल टी20 विश्व कप में भी पहले राउंड से बाहर हो गई थी. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पिछली साइकिल में कैरेबियाई टीम 8वें स्थान पर रही थी.

यानी लगातार 2 विश्व कप जीतने वाली टीम खेल के हर फॉर्मेट में फिसड्डी साबित हो रही है. इसकी एक वजह धाकड़ खिलाड़ियों का टी20 लीग के प्रति मोह है. लेकिन अब वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम के दिन फिर आ सकते हैं. क्योंकि एक खूंखार ऑलराउंडर टीम में लौटने की तैयारी कर रहा है और इसके लिए उसने टी20 लीग को छोड़ने का भी मन बना लिया है. इस ऑलराउंडर का नाम है आंद्रे रसेल.

आंद्रे रसेल वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम को बुरे दौर से निकालने के लिए t20 लीग छोड़ने को तैयार हैं. वो भारत के खिलाफ t20 सीरीज खेलना चाहते हैं. आंद्रे रसेल पिछली बार 2021 के टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की तरफ से खेले थे. इसके बाद से वो किसी भी फॉर्मेट में कैरेबियाई टीम की तरफ से खेलने नहीं उतरे हैं. इस धाकड़ ऑलराउंडर को पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर के लिए भी वेस्टइंडीज टीम में मौका मिला था और 2 बार की चैंपियन टीम मेन ड्रॉ में जगह नहीं बना पाई थी.

वेस्टइंडीज टीम को भारत के खिलाफ 5 t20 की सीरीज खेलनी है. ऐसे में आंद्रे रसेल का मानना है कि उनके लिए टीम में वापसी का ये बेहतर मौका हो सकता है. रसेल ने कहा कि वो सेलेक्शन के लिए उपलब्ध हैं और t20 विश्व कप खेलना चाहते हैं. बता दें कि 2024 में वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप खेला जाना है.

आंद्रे रसेल ने जमैका ऑब्जर्वर से कहा, “मैं सेलेक्शन के लिए उपलब्ध हूं. मैं अगले विश्व कप का हिस्सा बनना चाहता हूं. इसलिए अगर वे मुझे टीम में शामिल कर सकें तो यह मेरे लिए खास होगा. मैं खुद को उपलब्ध रखने के लिए कुछ सीरीज खेलने को तैयार हूं. मैं ऐसा नहीं चाहता कि सीधे वर्ल्ड कप खेलने के लिए उतर जाऊं. मैं उससे पहले कुछ सीरीज में खुद को आजमाना चाहता हूं.”

आंद्रे रसेल ने आगे कहा, “मुझे पता है कि वेस्टइंडीज के लिए खेलने के लिए मुझे कुछ t20 लीग का त्याग करना होगा. मैं ऐसा करने को तैयार हूं ताकि वेस्टइंडीज को विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ मौका देने की कोशिश करूंगा.”

इस धाकड़ ऑलराउंडर ने कहा कि मैं वेस्टइंडीज के नए व्हाइट बॉल क्रिकेट कोच डैरेन सैमी से संपर्क में हूं. हालांकि, उनसे टीम में वापसी को लेकर कोई बात नहीं हुई.