T20 WC 2021 ENG vs NZ, Semi-Final: धर्मसेना के फैसले से न्यूजीलैंड में खुशी की लहर, इंग्लैंड की नींद उड़ी

 

T20 World Cup 2021 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी कर इंग्लैंड के तूफानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. खासतौर पर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जोस बटलर (Jos Buttler) भी कीवी गेंदबाजों के आगे फंसे हुए नजर आए और उनकी पारी 29 रनों पर समाप्त हुई.

जोस बटलर का विकेट ईश सोढ़ी ने लिया, जिनकी गेंद पर उन्होंने रिवर्स स्वीप खेलने का प्रयास किया लेकिन वो विकेट के बीच में पाए गए.

अंपायर कुमार धर्मसेना ने जोस बटलर को LBW आउट करार दिया. धर्मसेना के फैसले को बटलर ने रिव्यू लेकर चुनौती दी लेकिन इंग्लैंड का ये फैसला गलत साबित हुआ.

धर्मसेना हो रहे थे ट्रोल

बता दें सेमीफाइनल मैच से पहले कुमार धर्मसेना सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा ट्रोल हो रहे थे. आईसीसी ने जैसे ही सेमीफाइनल मैच के लिए उन्हें अंपायर नियुक्त किया तभी से फैंस उन्हें न्यूजीलैंड के लिए खतरा बता रहे थे. लेकिन धर्मसेना के फैसले ने ही न्यूजीलैंड को सबसे बड़ी खुशखबरी दी. जोस बटलर का आउट होना इसलिए न्यूजीलैंड के लिए बड़ी खुशखबरी थी क्योंकि ये खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में कमाल की फॉर्म में था. बटलर ने 6 मैचों में 89 से ज्यादा की औसत से 269 रन बनाए. उनके बल्ले से एक शतक और एक शतक निकला.


बता दें धर्मसेना को वर्ल्ड कप 2019 के फाइनल की वजह से न्यूजीलैंड के लिए खतरा बताया जा रहा था. दरअसल उस मैच में धर्मसेना का एक फैसला न्यूजीलैंड पर भारी पड़ा था और वो वर्ल्ड चैंपियन बनने से चूक गया. आखिरी ओवर में बेन स्टोक्स जब दो रन चुराने के लिए भाग रहे थे तो मार्टिन गप्टिल का थ्रो उनके बल्ले पर लगकर चार रनों के लिए चला गया जिसके बाद अंपायर ने उसे कुल 6 रन करार दिया.धर्मसेना का ये फैसला गलत था. नियम के मुताबिक इंग्लैंड को सिर्फ 5 रन ही मिलने चाहिए थे. एक अतिरिक्त रन मिलने की वजह से मैच टाई हुआ और सुपर ओवर में भी मुकाबला टाई होने के बाद इंग्लैंड को ज्यादा बाउंड्री लगाने की वजह से विजेता घोषित किया गया.