भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी20 विश्व कप 2021 में सबसे अहम मुकाबला रविवार 31 अक्टूबर को होने वाला है, जिसमें विराट कोहली की टीम के सामने होगी केन विलियमसन की न्यूजीलैंड. एक ऐसी टीम, जिसके खिलाफ भारत ने विश्व कप में आजतक जीत हासिल नहीं की है. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ पहला मुकाबला हार चुकी भारतीय टीम के लिए ये मैच आसान नहीं होने वाला. खास तौर पर न्यूजीलैंड की मजबूत गेंदबाजी भारी पड़ सकती है. लेकिन जहां सबका ध्यान ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी जैसे गेंदबाजों पर हैं, टीम इंडिया के लिए इनसे बड़ा खतरा स्पिन जोड़ी है, जिसने टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं.
भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेटों का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के अनुभवी लेग स्पिनर इश सोढ़ी के नाम है. सोढ़ी ने भारत के खिलाफ 12 मैचों में 15 के स्ट्राइक रेट से 17 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें उनका इकॉनमी रेट 7.53 का रहा है, जबकि 3/18 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
वहीं भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट के मामले में दूसरे नंबर पर श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुष्मंता चमीरा हैं. दाएं हाथ के इस तेज गति के गेंदबाज ने भारत के खिलाफ 12 मैचों में 18.7 के स्ट्राइक रेट से 14 विकेट झटके हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/14 का है, जबकि इकॉनमी रेट 7.46 का है.
तीसरे नंबर पर एक बार फिर न्यूजीलैंड का गेंदबाज है, जो 31 अक्टूबर को भारत पर भारी पड़ सकता है. ये हैं बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सैंटनर. कीवी गेंदबाज ने भारत के खिलाफ 12 मैचों में 12 विकेट लिए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 21.5 है और इकॉनमी 7.62. साथ ही बेस्ट 4/11 है.
पूर्व दिग्गज पाकिस्तानी तेज गेंदबाज उमर गुल भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं और उन्होंने भारत के खिलाफ सिर्फ 6 मैचों में ही 11 विकेट हासिल कर लिए थे. गुल ने सिर्फ 11.7 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से ये विकेट हासिल किए, जिसमें 4/37 उनका सर्वश्रेष्ठ है. हालांकि, उन्होंने 8.27 के रेट से रन खर्चे.
शीर्ष 5 में आखिरी स्थान श्रीलंका के लेग स्पिनर वानिन्दु हसारंगा का है, जिन्होंने इसी साल जुलाई में भारत के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के दौरान जमकर विकेट हासिल किए थे. इस श्रीलंकाई धुरंधर ने 6 मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं, जिसमें 4/9 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. उनका स्ट्राइक रेट 12 और इकॉनमी 6.20 का है.