सेमीफाइनल में जाने के लिए नामीबिया के भरोसे बैठी है टीम इंडिया! मैच में पाकिस्तानियों को पिलाया पानी
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप (ICC T20 WC) में मंगलवार को दूसरे मैच में पाकिस्तान (Pakistan) और नामीबिया (Namibia) के बीच मुकाबला खेला गया.
जहां, पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया के सामने 190 रनों का पहाड़ जैसा टारगेट रखा. इसके जवाब में नामीबिया की टीम अच्छी बल्लेबाजी के बावजूद मैच जीतने में भले ही सफल नहीं हो सकी लेकिन फैंस का दिल जीत लिया.
नामीबिया ने बैटिंग में दिखाया दम
पाकिस्तान की तरफ से दिए गए 190 रन के टारगेट के जवाब में नामीबिया की टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना सकी. टीम के लिए सर्वाधिक डेविड वीजा ने 43 रन बनाए. वहीं, क्रेग विलियम्स 40 रन बनाए. नामीबिया का पहला विकेट माइकल वैन लिंगेन के तौर पर गिरा जो हसन अली की गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हुए. नामिबिया को दूसरा झटका स्टीफन बार्ड के रूप में गिरा जो 29 रन बनाए. कप्तान एरार्ड इरास्मस ने 15 रन का स्कोर किया. वहीं, पाकिस्तान की तरफ से हसन अली, इमाद वसीम, हारिस रउफ़, शादाब ख़ान को एक-एक विकेट हासिल हुआ.
सेमीफाइनल में पहुंचा पाकिस्तान
पाकिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने अच्छी शुरुआत दिलाई. बाबर ने 70 रनों की कप्तानी पारी खेली. वहीं, उनके साथी ओपनर रिजवान ने नाबाद 79 रनों की तेज-तर्रार पारी खेली. लेकिन फखर जमान का खराब फॉर्म यहां भी साथ नहीं छोड़ा और वो महज 5 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, मोहम्मद हफीज ने 16 गेंदों में नाबाद 32 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. पाकिस्तान अपने चारों मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में अपने ग्रुप में टॉप पर काबिज है.
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी
बता दें कि शेख जायद स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप के 31वें मैच में ग्रुप 2 की टॉप टीम पाकिस्तान ने टॉस जीतकर नामीबिया के खिलाफ पहले बैटिंग करने का फैसला किया. एक समय बाबर आजम का यह फैसला गलत साबित होता दिख रहा था जब नामीबिया के गेंदबाजों ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए तरसा दिया था. पाकिस्तान की टीम पावर प्ले में महज 29 रन ही बना सकी. हालांकि, इस दौरान पाकिस्तानी ओपनरों ने संयम बरतते हुए अपने विकेट को सुरक्षित रखा. पहले 6 ओवर में विकेट बचाने के बाद कप्तान बाबर आजम गेंदबाजों पर टूट पड़े.
बाबर आजम की कप्तानी पारी
बाबर ने 49 गेंद का सामना करते हुए 7 चौके की मदद से 70 रन की पारी खेली जबकि आखिरी ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान ने नाबाद 79 की पारी खेली इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 4 शानदार छक्के निकले. वहीं, दूसरे छोर पर मोहम्मद हफीज ने 16 गेद पर 5 चौके की मदद से 32 रन बनाए. आज का मैच जीतकर पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. दूसरी तरफ नामीबिया को तीन मैचों में एक में ही जीत मिल सकी है.
इस जीत के साथ ही पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है. इससे पहले इंग्लैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है. वहीं, नामीबिया की तरफ से पहली पारी में पावर प्ले में शानदार गेंदबाजी के अलावा बैटिंग में भी पाकिस्तान को टक्कर दी. नामीबिया ने इस खेल से जता दिया है कि उसे न्यूजीलैंड हल्के में न ले. ऐसे में टीम इंडिया के फैंस दोनों देशों के बीच खेले जाने वाले मैच पर करीब से नजर रखेंगे. अगर आज की तरह ही नामीबिया के खिलाड़ियों ने खेल दिखाया तो उलटफेर हो सकता है और टीम इंडिया के सेमीफाइनल की उम्मीदें भी कायम रह सकती है.