Women's Asian Champions Trophy: भारत ने थाईलैंड को 7-1 से हराया, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई

 

Ranchi: संगीता कुमारी की शानदार हैट्रिक के दम पर मेजबान भारत ने यहां मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम रांची में बीते शुक्रवार से शुरू हुई झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में अपनी धमाकेदार शुरुआत की और थाईलैंड को 7-1 से हरा दिया।

वहीं, भारत की जीत पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि थाईलैंड पर 7-1 की शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को हार्दिक बधाई। सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा कि झारखंड में खेल के लिए भी आज ऐतिहासिक दिन है। आज से रांची में झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 की शुरुआत हुई है। चैंपियंस ट्रॉफी के पहले दिन आज सभी 6 टीमों ने उम्दा खेल का प्रदर्शन किया। आज के अपने-अपने मैच जीतने के लिए भारत, जापान और कोरिया की टीम को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।

हालांकि थाईलैंड ने भी दूसरे क्वार्टर में उस समय अपना खाता खोल लिया जब समोंसो सुपांसा ने 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम के लिए पहला गोल दाग दिया, लेकिन भारतीय टीम भी कहां पीछे रहने वाली थी और 29वें मिनट में संगीता कुमारी के मैदानी गोल की बदौलत अपनी बढ़त को 3-1 कर दिया। भारत ने फिर तीसरे क्वार्टर में 40वें मिनट में एक गोल करके थाईलैंड पर 4-1 की शानदार बढ़त बना ली। मेजबान टीम का तूफानी प्रदर्शन आगे भी जारी रहा। पांच मिनट बाद ही फॉरवर्ड संगीता ने 45वें मिनट में लगातार दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी कर ली और भारत की बढ़त को 6-1 तक पहुंचा दिया। 

अंतिम कुछ मिनटों में भारत ने अपने आक्रमण को और ज्यादा तेज कर दिया और 52वें मिनट में लालरेमसियामी के मैदानी गोल के सहारे थाईलैंड के खिलाफ 7-1 की विशाल बढ़त कायम कर ली और इसी स्कोर के साथ मैच जीत लिया। इससे पहले, दिन के पहले मैच में जापान ने मलेशिया को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हरा दिया। जापान के लिए ओकावा रिका ने 13वें मिनट में पेनल्टी पर, तोरियामा मइ ने 43वें मिनट में और कोबायाकावा शिहो ने 54वें मिनट में पेनल्टी पर गोल दागे। दूसरे मैच में कोरिया ने चीन को 1-0 से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता कोरिया के लिए एकमात्र गोल दूसरे क्वार्टर में एन सुजिन ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।

इस टूर्नामेंट में 6 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले राउंड रोबिन लीग चरण के आधार पर खेले जा रहे हैं। सभी 6 टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी और टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। भारतीय टीम 2016 के बाद से पहली बार खिताब की तलाश में लगी हुई है। भारत को 2013 और 2018 के फाइनल में हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।