Womens T20 World Cup: पाकिस्तान के 150 रन के लक्ष्य के सामने भारत का तीसरा विकेट गिरा, हरमनप्रीत आउट
भारत ने अच्छी शुरुआत की और तेज़ रन बटोरने शुरू किए. हालांकि छठे ओवर की तीसरी गेंद पर यास्तिका भाटिया 20 गेंदों पर 17 रन बना कर आउट हो गईं लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ों ने अपने स्ट्रोक प्ले करना जारी रखा.
पावरप्ले में भारतीय महिला टीम ने 1 विकेट पर सात से अधिक के रन रेट के साथ 43 रन बनाए. इसके बाद भारतीय टीम की दूसरी ओपनर शफाली वर्मा मैच के 10वें ओवर में छक्का लगाने की कोशिश में आउट हो गईं.
शफाली ने 25 गेंदों पर 33 रन बनाए. उन्हें बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज़ नश्रा संधु ने आउट किया. इसी ओवर की चौथी गेंद पर जेमिमा रोड्रिग्स स्टंप आउट होने से बचीं.
संधु ने अपने इस ओवर ने भारत की रन गति पर अंकुश लगा दिया और एक विकेट लेने के साथ केवल दो ही रन बनने दिए.
दूसरा विकेट गिरने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान में उतरीं और तेज़ी से रन बटोरने शुरू किए. लेकिन हरमनप्रीत 12 गेंदों पर दो चौके की मदद से 16 रन बना कर आउट हो गईं. हरमनप्रीत कौर को भी नश्र संधु ने ही आउट किया.
कप्तान हरमनप्रीत के आउट होने तक भारत ने तीन विकेट पर 93 रन बनाए. हालांकि जेमिमा रोड्रिग्स पिच पर एक छोर से डटी हुई हैं और उन्होंने अब तक 34 गेंदों पर चार चौके की मदद से 40 रन बनाए हैं. वहीं दूसरे छोर से ऋचा घोष 18 गेंदों पर 29 रन बना कर खेल रही हैं. दोनों ने चौथे विकेट के लिए अब तक 43 रन जोड़ दिए हैं. 17वें ओवर में इन दोनों भारतीय महिला क्रिकेटरों ने 13 रन बटोरे. तो 18वें ओवर में भी 13 रन आए.