उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की गौतम बुध नगर जिला इकाई का गठन हुआ

 

साहित्य के क्षेत्र में अग्रणी संस्था उत्तर प्रदेश साहित्य सभा द्वारा प्रदेश में अपनी जिला इकाई का निरंतर गठन जारी है | इसी कड़ी में दिनांक 11 दिसंबर 2022 को गौतम बुद्ध नगर जिला इकाई का गठन बरौला सेक्टर- 49 नोएडा स्थित साहित्य सदन के काव्य भवन सभागार में किया गया | प्रांतीय संस्थापक ख्याति प्राप्त कवि एवं व्यंग्यकार सर्वेश अस्थाना तथा प्रांतीय अध्यक्ष गीतकार डॉ विष्णु सक्सेना के अनुसार उत्तर प्रदेश साहित्य सभा का गठन प्रदेश के साहित्यकारों के हित एवं उत्थान हेतु किया गया है |

साहित्य सभा के जिला संयोजक कुमार आदित्य ने जानकारी देते हुए बताया कि दो वर्षीय स्थानीय इकाई हेतु किशोर श्रीवास्तव को अध्यक्ष एवं भारत सरकार से सम्मानित कवि व लेखक पंडित साहित्य कुमार चंचल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है | जबकि सचिव का कार्यभार डॉक्टर इला जायसवाल व अलका मिश्रा को इकाई के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेवारी सौंपी गई है | राहुल शेष को सह सचिव तथा सतीश दीक्षित को संगठन मंत्री बनाया गया हैं | वही सपना सक्सेना एवं मीनाक्षी दिनेश कुमार कार्यकारिणी सदस्य की भूमिका निभाएंगी | जिला संरक्षक बृजपाल सिंह व जिला संयोजक कुमार आदित्य ने सभा के सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए इकाई को एकजुट रहकर अपने-अपने दायित्व को निभाने का हर संभव प्रयास करने की बात कही है |

वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित साहित्य चंचल ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि, सभा के सभी पदाधिकारी वरिष्ठ वह कनिष्ठ की सोच से परे एक जुझारू कार्यकर्ता के रूप में साहित्य सभा व साहित्यकारों के उत्थान हेतु समर्पण भाव से कार्य करेंगे जिससे संस्था के मूल उद्देश्य की सार्थकता बनी रहे | अंत में सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जाहिर कर एकजुटता से कार्य करने का संकल्प लेकर सभा का समापन किया |