सीमा सुरक्षा बल ने सीमा पर पकड़ा 1.39 करोड़ रुपये का अमेरिकी डॉलर

Kolkata: नदिया जिले के भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने 1.39 करोड रुपये मूल्य के अमेरिकी डॉलर को जब्त किया है। यह एक लाख 66 हजार 900 अमेरिकी डॉलर है।
बुधवार रात को जब्त की गई इस मुद्रा के बारे में बीएसएफ ने गुरुवार दोपहर एक बयान में बताया है कि इस विदेशी मुद्रा को भारत से बांग्लादेश में तस्करी का प्रयास कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बीएसएफ की सीमा चौकी बेतई के तैनात जवानों को बीएसएफ की खुफिया शाखा ने विदेशी मुद्रा की तस्करी होने की खबर दी। इसके बाद संदिग्ध जगहों की घेराबंदी की गई थी। जवानों को जैसे ही अपने इलाके में कुछ संदेहजनक गतिविधियों का अंदेशा हुआ तो उन्होंने तुरंत तस्करों को घेरना शुरू कर दिया।
जवानों को अपनी तरफ आता देख तस्कर अंधेरे व घनी धुंध का फायदा उठाकर भाग निकले। इलाके की गहन तलाशी लेने पर 4 बंडल मिले जिन्हें खोलने पर अमेरिकी डॉलर बरामद हुए। जवानों ने तुरंत विदेशी मुद्रा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त कर लिया। जब्त अमेरिकी डॉलर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए छपरा कस्टम ऑफिस को सौंप दिया गया है।
बीएसएफ के दक्षिण बंगाल सीमान्त के जनसम्पर्क अधिकारी ए.के आर्य (डी आई जी) ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने जवानों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि यह केवल ड्यूटी पर तैनात उनके जवानों द्वारा प्रदर्शित सतर्कता का परिचय है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी परिस्थिति में तस्करी के रास्ते को न अपनाये। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि उनके जवान सीमा पर किसी भी सूरत में तस्करी या अन्य किसी प्रकार का अपराध नहीं होने देंगे और उसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
