देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13,313 नए मामले आये सामने, 38 लोगों की हुई मौत

देश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति एक बार फिर दिन पर दिन डरावनी होती जा रही है। चौथी लहर की आशंका के बीच लगातार बढ़ रहे कोरोना के नए मामले चिंता बढाने वाले हैं। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 13,313 नए मामले देखने को मिले हैं। इसके अलावा बीते 24 घंटे में कोविड की वजह से 38 लोगों ने जान भी गंवाई है। भारत में कोविड के 83 हजार से ज्यादा मरीज मौजूद हैं।
जिन पांच राज्यों में कोविड की स्थिति चिंताजनक है, उसमें केरल (4,224), महाराष्ट्र (3,260), दिल्ली (928), तमिलनाडु (771) और उत्तर प्रदेश (678) शामिल हैं। कुल नए केसों में से 74.07 फीसदी इन्हीं पांच राज्यों से आए हैं। वहीं कुल नए केसों में सिर्फ केरल की हिस्सेदारी 31.73 फीसदी है।
महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 3,260 नये मामले सामने आये जबकि तीन और मरीजों की मौत हो गई। इन नये मामलों में मुंबई में सामने आये 1,648 मामले शामिल हैं। राज्य में एक दिन पहले सामने आये कोविड-19 के 3,659 मामलों की तुलना में बुधवार को 399 कम मामले सामने आये।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 928 नये मामले सामने आये हैं और संक्रमण दर 7.08 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं संक्रमण से तीन मरीजों की मौत हो गई है।
देश में अब तक कोरोना से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 43,344,958 हो गई है वहीं इस महामारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों की संख्या भी बढ़कर 5,24,941 हो गयी है। वहीं देश में कोरोना के एक्टिव मामले बढ़कर 83, 990 हो चुके हैं। आकंड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना से संक्रमित 10,972 मरीज ठीक भी हुए हैं। देश में कोरोना संक्रमण से अब तक ठीक होने वाले कुल लोगों की संख्या 42,73,602 हो गयी है।
