पाकिस्तान : पंजाब के CM को सुप्रीम कोर्ट ने पद से हटाया, परवेज इलाही बने नए मुख्यमंत्री

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बड़ा झटका। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उनके बेटे हमजा शहबाज को पंजाब के CM की कुर्सी से हटा दिया है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने ऐलान किया पीएमएल-क्यू नेता चौधरी परवेज इलाही पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नए CM होंगे। उन्होंने 27 जुलाई को तड़के पंजाब के CM के रूप में शपथ ली। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को डिप्टी स्पीकर मोहम्मद मजारी के फैसले को गैरकानूनी बताते हुए यह फैसला दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब के राज्यपाल बाली उर रहमान को इलाही को शपथ दिलाने का आदेश दिया था। उन्होंने अपने कर्तव्यों का पालन करने से इनकार कर दिया। इसके बाद राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने शपथ दिलाई। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि परवेज इलाही पंजाब के CM हैं क्योंकि मतदान में उनको 186, वहीं हमजा को 179 वोट मिले थे। सुप्रीम कोर्ट में यह फैसला 3 जजों की बेंच ने दिया।
