श्रीलंका में राष्ट्रपति भवन में घुसे प्रदर्शनकारी, राष्ट्रपति गोटाबये राजपक्षे आधिकारिक निवास छोड़कर भागे

श्रीलंका में आर्थिक हालात खराब होने से लगातार सरकार के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालातों से परेशान प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के आवास को चारों तरफ से घेरकर कब्जा कर लिया. स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति राजपक्षे आधिकारिक निवास छोड़कर भाग गए.
श्रीलंका की सेना राष्ट्रपति गोटाबये को सुरक्षित स्थान पर ले गई है. इसके पहले राष्ट्रपति भवन में घुसने से रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे. लेकिन प्रदर्शनकारियों की तादात इतनी थी कि पुलिस का विरोध ज्यादा देर के लिए नहीं टिक पाया. दूसरी ओर देश में बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने देश की स्थिति के समाधान पर चर्चा करने के लिए पार्टी नेताओं की आपात बैठक बुलाई है. इसके साथ ही वह अध्यक्ष से संसद का सत्र आहूत करने की बात कह रहे हैं.
बता दें कि श्रीलंका में शीर्ष वकीलों के संघ, मानवाधिकार समूहों और राजनीतिक दलों के लगातार बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने शनिवार को सरकार विरोधी प्रदर्शनों से पहले कर्फ्यू हटा लिया था. यह कर्फ्यू सरकार विरोधी प्रदर्शनों को रोकने के लिए कोलंबो सहित देश के पश्चिमी प्रांत में 7 संभागों में लगाया गया था. जिन प्रांत में कर्फ्यू लगाया गया था, उनमें नेगोंबो, केलानिया, नुगेगोडा, माउंट लाविनिया, उत्तरी कोलंबो, दक्षिण कोलंबो और कोलंबो सेंट्रल शामिल हैं. यह कर्फ्यू शुक्रवार रात नौ बजे से अगली सूचना तक लागू किया गया था.
