logo

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का ऐलान : 10 बच्चे पैदा करने पर महिलाओं को देंगे 13 लाख रुपए

 | 
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का ऐलान : 10 बच्चे पैदा करने पर महिलाओं को देंगे 13 लाख रुपए 

कोरोना संकट, रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण उपजे जनसाख्यिकीय संकट को बहाल करने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बेहद चौंकाने वाला ऐलान कर दिया है। उन्होंने देश की महिलाओं को 10 या इससे अधिक बच्चे पैदा करने का प्रस्ताव दिया है, जिसके बदले उन्हें पैसे भी दिए जाएंगे।

रूस इन दिनों जन्म दर में गिरावट के कारण जनसांख्यिकीय संकट से जूझ रहा है। इससे देश की आबादी तेजी से घट रही है। क्षेत्रफल के हिसाब से रूस पूरी दुनिया का सबसे बड़ा देश है, लेकिन इसकी आबादी मात्र 14 करोड़ 41 लाख ही है। इसी वजह से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोवियत युग के मदर हीरोइन नाम के पुरस्कार को फिर से दिए जाने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति पुतिन ने इस पुरस्कार के बाबत सरकारी आदेश पर इसी हफ्ते हस्ताक्षर भी किए हैं। इसमें बताया गया है कि जो महिलाएं 10 या अधिक बच्चे पैदा करती हैं और उनकी परवरिश करती हैं, उन्हें रूस की ‘मदर हीरोइन’ की उपाधि सम्मान के रूप में दी जाएगी।

स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि 10वें जीवित बच्चे के एक साल का होने के बाद उन्हें 1 मिलियन रूबल (लगभग 13 लाख रुपये) का एकमुश्त भुगतान भी मिलेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले के 9 बच्चों में से किसी के आतंकवादी हमले में मारे जाने या आपातकालीन स्थिति में मौत होने पर भी संबंधित माता इस पुरस्कार को पाने की हकदार होगी। पुतिन का मानना है कि इस पुरस्कार के जरिए रूस में जनसांख्यिकी को बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। माता-पिता अपने बच्चों की परवरिश को लेकर सरकारी सहायता भी प्राप्त कर सकेंगे। रूस की जनसंख्या दशकों से लगातार गिरती जा रही है। 2022 की शुरुआत में रूस की जनसंख्या में लगभग 400,000 की गिरावट देखी गई थी। रूस की जनसंख्या में गिरावट का सिलसिला 1990 से शुरू हुआ था, जो सोवियत संघ के विघटन से प्रेरित था। साल 2000 में पुतिन के राष्ट्रपति बनने के बाद भी जनसंख्या में गिरावट जारी रही।