logo

अमेरिका में मचा हड़कंप, नो फ्लाई जोन से गुजरा विमान, राष्ट्रपति जो बाइडेन को पहुंचाया गया सेफ हाउस

 | 
अमेरिका में मचा हड़कंप, नो फ्लाई जोन से गुजरा विमान, राष्ट्रपति जो बाइडेन को पहुंचाया गया सेफ हाउस

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की सुरक्षा में भारी चूक का मामला सामने आया है. जो बाइडन के डेलावेयर में रेहोबोथ बीच स्थित घर के निकट शनिवार को एक छोटा विमान नो फ्लाई जोन में घुस गया. आनन-फानन में सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को उनके आवास से बाहर निकालकर सेफ हाउस पहुंचाया.

व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडन या उनके परिवार को कोई खतरा नहीं था और तत्काल एहतियाती उपाय किए गए. स्थिति का आकलन करने के बाद बाइडन और उनकी पत्नी जिल रेहोबोथ समुद्र तट स्थित अपने घर लौट आए. सेक्रेट सर्विस ने कहा कि हवाई क्षेत्र में घुसने के तुरंत बाद विमान को प्रतिबंधित इलाके से निकाल दिया गया. एजेंसी ने कहा कि वह विमान चालक से मिलकर बात करेगी. शुरुआती जांच के अनुसार, विमान चालक का रेडियो सही चैनल पर नहीं था. वह निर्धारित उड्डयन दिशा-निर्देशों का पालन भी नहीं कर रहा था. राष्ट्रपति के वाशिंगटन से बाहर जाने पर संघीय उड्डयन प्रशासन उड़ान प्रतिबंधों की घोषणा करता है.