अमेरिकी राष्ट्रपति ने पुतिन को बताया तानाशाहः रूस के लिए बंद किया अपना एयरस्पेस, यूक्रेन को 100 करोड़ डॉलर की मदद

रूस- यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग के बीच अमेरिका की ओर से बड़ा एलान किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार को अमेरिकी संसद में बड़ा एलान करते हुए कहा कि, अमेरिका रूस के लिए अपने एयरस्पेस को बंद करता है।
संसद में स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन के दौरान जो बाइडन ने कहा कि, पुतिन को लगता था कि, यूक्रेन कमजोर है। वह यूरोप को बांट देंगे, लेकिन हम यूक्रेन के साथ खड़े हैं। हम रूस को मनमानी नहीं करने देंगे। हम सब एक हैं। उनको अनुमान नहीं है हम क्या करने वाले हैं। रूस की अर्थव्यवस्था ध्वस्त है।
बाइडन ने कहा कि, हम यूक्रेन में रूस की सेना के साथ नहीं लड़ेंगे, लेकिन रूस को मनमानी भी नहीं करने देंगे। पूरा यूरोपीय संघ एक है। हम यूक्रेन की एक इंच जमीन की भी रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि, आज पुतिन दुनिया से अलग-थलग हो चुके हैं। उन पर कई देश प्रतिबंध लगा रहे हैं।
यह जंग लोकतंत्र बनाम तानाशाही की है। पुतिन ने यूक्रेन पर हमला करके बड़ी गलती कर दी है। तानाशाहों को हमेशा कीमत चुकानी पड़ती है। आज रूस की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई है। हमने उन पर कई प्रतिबंध लगाए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि, रूस ने बिना किसी उकसावे के यूक्रेन पर हमला किया है। पुतिन युद्ध क्षेत्र में भले आगे हों, लेकिन उन्हें इसकी आगे कीमत चुकानी पड़ेगी। यूक्रेन पूरे साहस के साथ लड़ रहा है। हम यूक्रेन केा सैन्य, आर्थिक और मानवीय सहायता दे रहे हैं।
बाइडन ने कहा कि, हमने इतिहास को देखा है कि, जब तानाशाह को सजा नहीं दी जाती है, तो वे ज्यादा अराजकता फैलाते हैं। इसकी कीमत अन्य देश उठाते हैं। आगे जब इस वक्त का इतिहास लिखा जाएगा तो रूस-यूक्रेन की जंग का जिक्र भी होगा। इसमें पुतिन की वजह से रूस को कमजोर और अन्य देशों को ताकतवर बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि, पूरा यूरोपीय संघ मिलकर काम कर रहा है। हम पुतिन और उनके सहयोगियों की सम्पत्ति को जब्त कर रहे हैं। इस दौरान बाइडन ने यूक्रेन के लिए 100 करोड़ डॉलर की मदद का एलान भी किया।
