logo

पीएम मोदी संवैधानिक पद पर 20 साल पूरे होने के मौके पर बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद लेंगे

 | 
 पीएम मोदी संवैधानिक पद पर 20 साल पूरे होने के मौके पर बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद लेंगे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को केदारनाथ धाम जाएंगे और वहां दर्शन पूजन करेंगे। 7 अक्टूबर को ही पीएम मोदी के संवैधानिक पद पर 20 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री उत्तराखंड में जॉलीग्रांट एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण और साथ ही ऋषिकेश एम्स में ऑक्सीजन प्लांट का उद्धघाटन करेंगे।

उत्तराखंड में अगले साल (2022 ) में विधानसभा के चुनाव होने हैं। बीजेपी ने इसके लिए काफी पहले से तैयारी शुरू कर दी है। इस वजह से पीएम मोदी का ये दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इसी दिन प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे।

इससे पहले एक अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तराखंड के दौरे पर जाएंगे। वो वहां पेशावर विद्रोह के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा और स्मारक का अनावरण करने उत्तराखंड में उनके पैतृक गांव पीठसैंण जाएंगे।

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को 1930 के 'पेशावर कांड' के महानायक नायक के रूप में माना जाता है। राजनाथ सिंह इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच 5 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण के चेक भी वितरित करेंगे और घसियारी कल्याण परियोजना का शुभारंभ करेंगे।