logo

ओम बिरला ने कहा- श्रीलंका भारत के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार है

 | 
ओम बिरला ने कहा- श्रीलंका भारत के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार है

New Delhi: श्रीलंका की संसद के अध्यक्ष महिंदा यापा अबेवर्धना के नेतृत्व में भारत यात्रा पर आए संसदीय शिष्टमंडल ने सोमवार को संसद भवन परिसर में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत यात्रा पर आए शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देश न केवल पड़ोसी हैं बल्कि इतिहास, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्य की साझी विरासत के कारण एक दूसरे के साथ जुड़े हुए हैं ।

दोनों देशों में लोकतंत्र के महत्व का उल्लेख करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकतंत्र के साझे मूल्य प्रगति और एकता की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक सिद्धांतों की प्रतिबद्धता के फलस्वरूप हमारे समाज सशक्त हुए हैं। समावेशी शासन को बढ़ावा मिला है और यह सुनिश्चित हुआ है कि हमारे नागरिकों की आवाज विधायी कक्षों के भीतर उठाई जाए।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देश के विकास में संसद की भूमिका के बारे में भी विस्तार से बात की और शिष्टमंडल के सदस्यों से ऐसे कानून लाने का आग्रह किया, जिससे उनके देश में आर्थिक और सामाजिक विकास हो। बिरला ने यह आशा व्यक्त की कि भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत रहेंगे, जिससे आने वाले समय में दोनों देशों के संबंध और घनिष्ठ होंगे।

आर्थिक विकास की सराहना करते हुए श्रीलंका की संसद के अध्यक्ष महिंदा यापा अबेवर्धना ने अनेक क्षेत्रों में भारत द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत की सहायता से बुनियादी सुविधाओं की अनेक परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिससे श्रीलंका के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने भारत की शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि श्रीलंका के छात्रों के साथ सहयोग से उन्हें अत्यधिक लाभ होगा।