सेमीफाइनल के लिए कोच द्रविड़ का ऐलान पिच देख तय होगी टीम

भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने स्वीकार किया है कि वह आईसीसी पुरुष T20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सेमीफाइनल के लिए अंतिम एकादश में बदलाव करने पर विचार करेंगे। भारत ने रविवार को सुपर-12 चरण के आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को 71 रन से हराकर अंतिम 4 में जगह बनाई। भारत ने इस जीत के साथ यह सुनिश्चित किया कि वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहे और एडिलेड में 10 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार, द्रविड़ ने कहा कि वह सेमीफाइनल मैच के लिए अंतिम एकादश का चयन पिच देखे बिना नहीं करेंगे। आईसीसी ने द्रविड़ के हवाले से कहा कि मुझे लगता है कि हम अपने सभी 15 खिलाडिय़ों के बारे में जानते हैं।
हमें पता है कि जो कोई भी टीम में आता है, वह संभावित रूप से हमें कमजोर नहीं बनाएगा। द्रविड़ ने कहा कि हम एडिलेड जाएंगे और वहां की पिच का मुआयना करेंगे। हमने वहां कुछ मैच देखें हैं और हम जानते हैं कि विकेट धीमा है। हमें एक अलग पिच मिल सकती है। बांग्लादेश के खिलाफ जिस पिच पर हमने मैच खेले उस विकेट पर स्पिनर्स को ज्यादा फायदा नहीं मिला, इसके बावजूद हम वहां जाएंगे और विकेट देखने के बाद फैसला करेंगे कि इस विकेट के साथ हम टीम के लिए क्या कर सकते हैं।
सूर्यकुमार की बैटिंग देखने का अलग मजा
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि सूर्यकुमार यादव जब क्रीज पर होते हैं, तो उनकी बल्लेबाजी को देखने में अलग ही आनंद मिलता है। द्रविड़ ने भारत की जिम्बाब्वे पर 71 रन से जीत के बाद कहा कि मेरा मानना है कि उसने हमारे लिए असाधारण प्रदर्शन किया है। उसे बल्लेबाजी करते हुए देखने में आनंद आता है। जब वह इस तरह की फॉर्म में होता है, तो उसे देखने में खुशी मिलती है। हर बार लगता है कि वह मनोरंजन करने के लिए उतरा है और इसमें कोई संदेह नहीं। सूर्यकुमार ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 25 गेंदों पर 61 रन बनाए। मुख्य कोच ने उनकी शानदार पारी के बारे में कहा कि हां, यह अविश्वसनीय है। इसलिए वह अभी विश्व में T20 का नंबर एक बल्लेबाज है। सूर्यकुमार ने टूर्नामेंट में अभी तक 225 रन बनाए हैं।
