FIH Junior Women Hockey World Cup: इंग्लैंड ने जीता शूट आउट में कांसा, कड़े मुकाबले में भारत को मिली हार

भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian Women Junior Team) एफआईएच जूनियर विश्व कप (FIH Junior World Cup) में कांस्य पदक के मैच में हार का सामना करना पड़ा.
इंग्लैंड (England Women Junior Team)ने मंगलवार को खेले गए मैच में भारत शूट आउट में हरा दिया. तय समय में मैच 2-2 से बराबरी पर रहा और फिर मैच शूटआउट में गया जहां इंग्लैंड ने भारत को 3-0 से हरा दिया. इसी के साथ भारत का कांस्य पदक जीतने का सपना टूट गया. सेमीफाइनल में उसे नेदरलैंड्स ने 3-0 से हरा दिया था. फिर उम्मीद थी की भारत अपना 2013 का प्रदर्शन दोहरा पाएगा और कांस्य पदक अपने नाम करेगा लेकिन तमाम कोशिश के बाद भी भारत के हिस्से पदक नहीं आ सका.
भारत के लिए मुमताज खान ने दो गोल किए थे. उन्होंने 21वें मिनट और 47वें मिनट में गोल किए. वह इस टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी हैं. उन्होंने टूर्नामेंट में आठ गोल किए. पहला गोल इंग्लैंड के लिए 18वें मिनट में मिली गिगलियो ने किया. मुमताज ने भारत को बराबरी दिलाई और फिर बढ़त भी दिला दी. लेकिन 58वें मिनट में क्लाडिया स्वेन ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया और मैच शूट आउट में गया.
