logo

भारत एशिया कप से बाहर

 | 
भारत एशिया कप से बाहर

एशिया कप के सुपर-4 राउंड में अपने दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया श्रीलंका से हारकर फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। मंगलवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने भारतीय टीम को 19.5 ओवर में 6 विकेट से मात देते हुए जहां फाइनल के लिए दावा मजबूत कर दिया, वहीं टीम इंडिया अब दूसरी टीमों के प्रदर्शन के सहारे हो गई है। इससे पहले रोहित शर्मा के बल्ले से भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन निकले। उन्होंने 41 गेंद में 72 रनों की पारी खेली। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने भी 34 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका ने शानदार गेंदबाजी की और 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। 2-2 विकेट दासुन शनाका और चमिका करुणारत्ने ने लिए।

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला आज के मैच में जमकर बोला। उन्होंने 41 गेंद पर 72 रन की धमाकेदार पारी खेली। भारत को दो झटके जल्दी लग गए थे, विराट और केएल राहुल कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इसके बाद रोहित ने 5 चौके और चार छक्के की मदद से 72 रन की पारी खेली उनका स्ट्राइक रेट 175.60 का रहा। रोहित के बाद सूर्यकुमार यादव भी जल्दी आउट हो गए। उनके बल्ले से 29 गेंद में 34 रन निकले। रोहित और सूर्या के बीच 58 गेंद में 97 रन की साझेदारी हुई। हार्दिक पंड्या और दीपक हुड्डा भी आज के मैच में फ्लॉप रहे। हार्दिक 13 और हुड्डा सिर्फ तीन रन बना पाए। पिछले मैच में खराब शॉट खेलकर आउट हुए ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ भी कुछ खास नहीं कर पाए और 13 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो गए।

राहुल-कोहली का फ्लॉप शो

केएल राहुल श्रीलंका के खिलाफ एक बार फिर फ्लॉप रहे। उन्होंने 7 बॉल का सामना किया और सिर्फ 6 रन बनाए। उनका विकेट महेश तीक्ष्णा ने लिया। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर राहुल आगे बढ़ के खेलना चाहते थे, लेकिन बॉल जाकर उनके पैर पर लगी। श्रीलंकाई खिलाडिय़ों ने जोरदार अपील की और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया। एशिया कप के 4 मैचों में राहुल के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ अद्र्धशतक जडऩे वाले विराट कोहली अपना खाता भी नहीं खोल पाए। युवा तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका की अंदर आती हुई गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। तीसरे ओवर की चौथी गेंद विराट के लिए खतरनाक साबित हुई। विराट जैसे ही आउट हुए रोहित भी निराश हो गए।