logo

बारिश के चलते भारत और न्यूज़ीलैंड का मैच रद्द

 | 
बारिश के चलते भारत-न्यूज़ीलैंड का मैच रद्द

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच बुधवार को खेला जाने वाला T20 विश्व कप 2022 का वॉर्म-अप मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। ब्रिस्बेन के गाबा में बारिश पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे दिन के पहले वॉर्म-अप मैच के दौरान ही शुरू हो गई थी। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए, जिसके बाद 2.2 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 19 रन पर पहुंचते ही काले-घने बादलों ने गाबा को घेर लिया। 2 घंटे की लगातार बारिश के बाद दोनों मैच रद्द कर दिए गए।

23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अभियान की शुरुआत करने से पहले यह भारत का आखिरी वॉर्म-अप मैच था। इससे पूर्व भारत ने अपने पहले वॉर्म-अप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी थी। न्यूज़ीलैंड भी केवल एक अभ्यास मैच के साथ ही शीर्ष टूर्नामेंट का रुख करेगी, जहां उसे गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है।