भारतीय महिला टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंदा

भारतीय महिला टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स 2022) में पहली जीत हासिल कर ली है। भारतीय महिला टीम ने अपने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया है। भारत कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से हार गया था। भारतीय टीम ने दबाव में अपना ‘आक्रामक रवैया' दिखाते हुए रविवार को यहां महिला क्रिकेट स्पर्धा के दूसरे मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंदकर राष्ट्रमंडल खेल के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया। पाकिस्तान का टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला उन्हीं पर भारी पड़ गया क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें बारिश के कारण 18-18 ओवर के किये गये मुकाबले में महज 99 रन पर ढेर कर दिया।
भारतीय टीम को जीत के लिए 100 रन का लक्ष्य मिला था। भारत ने 11.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। वह 42 गेंद पर 63 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। जेमिमा रोड्रिग्ज ने नाबाद 2 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 9 गेंद पर 16 और एस मेघना ने 16 गेंद पर 14 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए तुबा हसन और ओमैमा सोहैल ने एक-एक विकेट लिए। भारत का अगला मुकाबला अब बारबाडोस से 3 अगस्त को होगा।
