बैडमिंटन में भारत की गोल्डन हैट्रिक टेटे में कमल का सुनहरा कमाल

बैडमिंटन में गोल्डन हैट्रिक और टेबल टेनिस दिग्गज अचंता शरत कमल के कमाल की बदौलत भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 के आखिरी दिन 4 गोल्ड मेडल अपने नाम किए और 22 गोल्ड, 12 सिल्वर और 23 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचकर अपना अभियान खत्म किया। खेलों के अंतिम दिन सोमवार को सबसे पहले धमाल भारतीय शटलर्स ने दिखाया। सबसे पहले महिला एकल में पीवी सिंधु ने कनाडा की मिशेल ली को 21-15, 21-13 से हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार विमंस सिंगल्स का गोल्ड जीता। महिला एकल के बाद पुरुष एकल का गोल्ड भी भारत की झोली में आया। लक्ष्य सेन ने मलेशियाई शटलर को हराते हुए स्वर्ण पदक जीता। पहला गेम गंवाने के बाद लगातार दो गेम जीतना लक्ष्य के लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने बड़ी खूबसूरती से इसे अंजाम दिया।
इसके बाद पुरुष डबल्स के फाइनल मुकाबले में सात्विक सैराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने इंग्लैंड के बेन लेन और सीन वेंडी को बड़ी आसानी से 21-15, 21-13 से पीटकर बैडमिंटन में तीसरा गोल्ड भारत के नाम कर लिया। इसके बाद टेबल टेनिस में कमाल दिखाया भारत के धुरंधर अचंता शरत कमल ने। 40 साल के अचंता शरत कमल ने इंग्लैंड के लियाम पिचफोर्ड के 4-1 से हराकर गोल्ड जीता। टेबल टेनिस में पुरुष एकल का ब्रांज मेडल भी भारत के नाम रहा। भारत के जी साथियान ने इंग्लैंड के पॉल ड्रिकहॉल को 4-3 से हराकर मेडल जीता। हालांकि भारत को हॉकी में आस्टे्रलिया से फाइनल में हार के चलते रजत पद से ही संतोष करना पड़ा।
