logo

T20 World Cup 2022: श्रीलंका ने नीदरलैंड को 16 रन से हराया

 | 
T20 World Cup 2022: श्रीलंका ने नीदरलैंड को 16 रन से हराया

श्रीलंका ने कुसल मेंडिस (79) के अर्द्धशतक और वानिंदू हसरंगा (28/3) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत बुधवार को नीदरलैंड को 16 रन से हराकर आईसीसी T20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। ग्रुप-ए के अपने अंतिम मुकाबले में श्रीलंका ने नीदरलैंड को 163 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में नीदरलैंड नौ विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना सकी।

नीदरलैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवर में 124 रन पर नौ विकेट गंवा दिये थे, हालांकि सलामी बल्लेबाज मैक्स ओडाउड क्रीज़ पर मौजूद थे। ओडाउड ने 19वें ओवर में 2 छक्के लगाकर 16 रन बनाये, हालांकि आखिरी ओवर में वह छह रन ही जोड़ सके और नीदरलैंड लक्ष्य से 16 रन पीछे रह गई। इससे पहले, मेंडिस ने श्रीलंका की जीत की नींव रखते हुए 44 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों के साथ 79 रन बनाए। इसके अलावा चरिता असलंका (31), भानुका राजपक्षा (19) और पथुम निसांका (14) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्रीलंका ने 162 रन के स्कोर की रक्षा करते हुए नीदरलैंड को विक्रमजीत सिंह (07) और बास डी लीड (14) के रूप में शुरुआती झटके दिए। कॉलिन ऐकरमैन के शून्य रन पर पवेलियन लौटने के बाद टॉम कूपर (16) भी खराब फॉर्म को जारी रखते हुए पवेलियन लौट गए। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 15 गेंदों पर तीन चौकों के साथ 21 रन बनाकर ओडाउड का साथ देने का प्रयास किया, लेकिन 100 रन के टीम स्कोर पर उनके आउट होते ही नीदरलैंड के विकेटों की झड़ी लग गई।

नीदरलैंड ने 23 रन के अंतराल पर 6 विकेट गंवाए और 17.4 ओवर में उनका स्कोर 123/9 हो गया। पीठ के दर्द से जूझ रहे ऑलराउंडर रोलोफ़ वैन डर मर्वे ओडाउड का साथ देने के लिए 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। आखिरी 2 ओवरों में ओडॉउड ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन इससे केवल हार का अंतर कम हुआ। इस जीत के साथ श्रीलंका T20 विश्व कप के सुपर-12 राउंड में पहुंचने वाली ग्रुप-ए की पहली टीम बन गई।