U19W T20 World Cup: इंग्लैंड की महिला टीम ने भारत को दिया जीत के लिए 69 रनो का टारगेट

IND vs ENG U19W T20 World Cup Final: इंग्लैंड की महिला टीम ने भारत को फ़ाइनल मुक़ाबले में जीत के लिए 69 रन की चुनौती दी है. दक्षिण अफ़्रीका के पोचेफ़स्ट्रॉम में खेले जा रहे फ़ाइनल मैच में भारतीय अंडर 19 टीम की कप्तान शफ़ाली वर्मा ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया.
भारतीय गेंदबाज़ों ने कप्तान का फ़ैसला सही साबित कर दिखाया. इंग्लैंड टीम के टॉप ऑर्डर की कोई बल्लेबाज़ विकेट पर टिकने का दम नहीं दिखा सकीं. इंग्लैंड की पूरी टीम 17.1 ओवर में ढेर हो गई. इंग्लैंड के खिलाड़ी सिर्फ़ 68 रन जुटा पाए.
पांचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए आईं रियान मैक्डॉनल्ड गे (19 रन), सातवें नंबर पर खेलने आईं एलेक्सा स्टोनहाउस (11 रन), दसवें नंबर पर खेलने उतरीं सोफिया (11 रन) और तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए उतरीं एन हॉलैंड (10 रन) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं.
टीम की कोई और खिलाड़ी दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सकीं. इंग्लिश टीम की पांच खिलाड़ी सिर्फ़ 39 रन के स्कोर पर पैवेलियन लौट चुकी थीं.
भारत के लिए टिटास साधू, पार्श्वी चोपड़ा और अर्चना देवी ने दो-दो विकेट लिए. भारतीय टीम ने सेमीफ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई.
