पर्पल कैप की रेस में चहल को वानिंदु हसरंगा दे रहे है जोरदार टक्कर

इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में विभिन्न टीमों के बीच काफी रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। इस सीजन में पहली बार खेलने के लिए उतरी लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस की टीमें कमाल का प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दो स्थानों पर पहुंच गई हैं। एक उल्लेखनीय बात यह भी है कि पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम 10 टीमों में सबसे निचले पायदान पर है और टीम को अभी तक सिर्फ दो जीत हासिल हुई है। गेंद और बल्ले के बीच रोमांचक संघर्ष में पर्पल कैप की रेस भी काफी दिलचस्प हो गई है।
आईपीएल के 15वें सीजन में पर्पल कैप की रेस में राजस्थान के यजुवेंद्र चहल अभी भी 22 विकेटों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। उन्होंने 11 मैचों में 22 विकेट लेकर दूसरे गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया है। वैसे अब उनके लिए आरसीबी के हसरंगा ने कड़ी चुनौती पैदा कर दी है। हसरंगा ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कमाल की गेंदबाजी करते हुए हर किसी का दिल जीत लिया। उन्होंने 4 ओवर में एक मेडन डालते हुए 18 रन देकर पांच विकेट लेने में कामयाबी हासिल की।
इस जोरदार प्रदर्शन के बाद हसरंगा चहल के लिए खतरा बनकर उभरे हैं और उन्होंने अपने विकेटों की संख्या 21 कर ली है। अब वे चहल से सिर्फ एक विकेट पीछे रह गए हैं और ऐसे में पर्पल कैप की रेस अब काफी दिलचस्प हो गई है। चहल और हसरंगा दोनों इस बार आईपीएल में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और अब सबकी निगाहें इस बात पर लगी हुई हैं कि इन दोनों में से आखिर कौन शीर्ष स्थान पर कब्जा करने में कामयाब होता है। दूसरे गेंदबाज भी ज्यादा पीछे नहीं पंजाब किंग्स के गेंदबाज कैगिसो रबाडा और दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने 18-18 विकेट हासिल किए हैं। इन दोनों ही गेंदबाजों ने 10-10 मैच खेले हैं मगर रबाडा कम रन देने के कारण तीसरे और कुलदीप चौथे स्थान पर हैं।
