logo

क्या रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की कप्तानी छोड़ेंगे, काइरन पोलार्ड संभालेंगे कमान?

 | 
क्या रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की कप्तानी छोड़ेंगे, काइरन पोलार्ड संभालेंगे कमान?

IPL 2022 से पहले विराट कोहली (Virat Kohli) ने रॉयल चैलेंजर्स की कप्तानी छोड़ी और कुछ इसी तरह एमएस धोनी ने भी चेन्नई सुपरकिंग्स की कमान रवींद्र जडेजा को सौंप दी.

अब क्या रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भी मुंबई इंडियंस की कप्तानी छोड़ देंगे? संजय मांजरेकर का तो कुछ ऐसा ही मानना है. संजय मांजरेकर (Sanjay Manjrekar) ने एक बयान में कहा कि विराट कोहली की तरह रोहित शर्मा भी अपनी टीम की कप्तानी छोड़ सकते हैं. यही नहीं संजय मांजरेकर ने मुंबई इंडियंस के नए कप्तान का सुझाव भी दे डाला. संजय मांजरेकर के मुताबिक अगर रोहित शर्मा कप्तानी छोड़ते हैं तो उनकी जगह कायरन पोलार्ड ये जिम्मेदारी निभा सकते हैं.

ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ खास बातचीत में संजय मांजरेकर बोले, ‘मुझे लगता है कि पोलार्ड इस टीम में जबर्दस्त योगदान देते हैं. मुझे ये भी लगता है कि विराट कोहली की तरह ही रोहित शर्मा भी कप्तानी छोड़ सकते हैं. इससे रोहित शर्मा के ऊपर से दबाव कम होगा. वो बतौर बल्लेबाज खेल पाएंगे और जिम्मेदारी पोलार्ड को मिलनी चाहिए जो कि बेहतरीन इंटरनेशनल कप्तान भी हैं.’

रोहित शर्मा पिछले 3-4 सीजन से ‘फ्लॉप’

बता दें रोहित शर्मा 3-4 सीजन से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. रोहित शर्मा का इस दौरान बल्लेबाजी औसत 30 से भी कम रहा है. संजय मांजरेकर ने कहा, ‘जब रोहित शर्मा भारत के लिए खेलते हैं तो उनके आंकड़े शानदार हैं. क्योंकि वो अपने बारे में ज्यादा और टीम के बारे में कम सोचते हैं. आईपीएल में खेलते वक्त वो एंकर रोल निभाने की कोशिश करते हैं जो पंजाब किंग्स के लिए केएल राहुल और गुजरात टाइटंस के लिए हार्दिक पंड्या कर रहे हैं. अगर रोहित शर्मा खुलकर खेलेंगे तो हमें वो बल्लेबाज नजर आएगा जो भारत के लिए खेलता है.’

पिछले 5 सीजन से फ्लॉप हैं रोहित शर्मा!

रोहित शर्मा मौजूदा सीजन के चारों मुकाबलों में फ्लॉप रहे हैं. उनके बल्ले से 20 की औसत से महज 80 रन निकले हैं. वो एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए. पिछले पांच सीजन में भी रोहित शर्मा का बल्ला रन नहीं उगल पाया है. रोहित शर्मा जैसा खिलाड़ी 30 से भी कम की औसत से रन बना रहा है. साल 2019 में उन्होंने 400 से ज्यादा रन बनाए थे और उसके बाद से रोहित शर्मा उस आंकड़े को नहीं छू सके. साफ है अगर रोहित शर्मा के बल्ले से रन नहीं निकलेंगे तो सवाल तो उठेंगे ही. और इस बार तो रोहित शर्मा के खिलाफ इसलिए ज्यादा माहौल बना हुआ है क्योंकि टीम पहले चार मैच ही हार गई है. टीम जब हारती है तो उसके कप्तान पर आंच आना लाजमी ही है. देखते हैं रोहित शर्मा अपने आलोचकों को कैसे जवाब देते हैं?