Bihar News: सीएम नीतीश कुमार ने पटना को दी 766.73 करोड़ रुपये की सौगात, 6 योजनाओं का किया शिलान्यास

Patna: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज एम्स गोलंबर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिलान्तर्गत की गई घोषणाओं से संबंधित 138.5 करोड़ रुपये लागत की एम्स गोलंबर-जानीपुर-पैनापुर नेव (जंक्शन ऑफ बिहटा सरमेरा पटना रिंग रोड) (कुल लंबाई 10.5 कि०मी०) पथ के 2 लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। साथ ही 73.06 करोड़ की लागत से नौबतपुर-मसौढ़ी पथ के 17वें कि0मी0 में नौबतपुर लख में फ्लाईओवर (लंबाई 1.015 कि०मी०) निर्माण कार्य का भी शिलापट्ट अनावरण कर मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नेवा में बिहटा-सरमेरा पथ से संपर्कता हो जाने के कारण फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर, नौबतपुर आदि पश्चिमी पटना से आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। नौबतपुर लख में फ्लाईओवर का निर्माण हो जाने से नौबतपुर लख पर लगनेवाली जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। साथ ही पटना के लोगों को मसौढ़ी जाना सुगम होगा। इस क्षेत्र में औद्योगिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास में प्रगति होगी।
ज्ञातव्य है कि यह पथ एन0एच0-139 फोर लेन एम्स के पास से होकर बभनपुरा, जानीपुर, अकबरपुर, पुनपुन सुरक्षा बांध से होते हुए बिहटा-सरमेरा (6 लेन) को जोड़ता है, जिससे फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर, नौबतपुर आदि पश्चिमी पटना क्षेत्र का विकास और तेजी से हो सकेगा। नौबतपुर लख में फ्लाई ओवर के बन जाने से व्यवसायिक वाहनों को पटना से मसौढ़ी, बिक्रम आदि जगहों पर जाने में समय की बचत होगी।
इसके पश्चात् कोथवां, रुपसपुर नहर पर आयोजित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने 71.48 करोड़ रुपये की लागत की पटना जिलान्तर्गत खगौल नेहरु पथ का अशोक राज पथ-रुपसपुर नहर पथ तक फोर लेन (कुल लंबाई 6.9 कि०मी०) चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। शिलान्यास करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने कहा कि दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ से इसकी संपर्कता हो जाने से पूरे क्षेत्र की आबादी को लाभहोगा। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन को भी बेहतर संपर्कता मिलेगी, जिससे यहां आवागमन करने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने नेहरु पथ पर पाटली पथ के नीचे आयोजित कार्यक्रम स्थल से 143.86 करोड़ रुपये की लागत से दीघा-एम्स पाटली पथ को दानापुर की तरफ नेहरु पथ से संपर्कता प्रदान करने के निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दीघा से लेकर खगौल तक के इलाकों में रहने वाले लोगों को पाटली पथ के उपयोग का लाभ मिल सकेगा। इससे नेहरु पथ की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा पाटली पथ का बेहतर उपयोग हो सकेगा। जे०पी० सेतु एम्स तक पहुंचना और आसाना होगा। नेहरु पथ पर यातायात का दबाव कम होगा तथा जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
नेहरु पथ पर पाटली पथ के नीचे आयोजित कार्यक्रम स्थल से ही 318.51 करोड़ रुपये की लागत से पटना जिलान्तर्गत रुपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरु पथ (कुल लंबाई 2.7 कि0मी0) के दोनों तरफ भूमिगत नाला के साथ पथ के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। ज्ञातव्य हो कि पश्चिमी पटना क्षेत्र काफी तेजी से विकसित हो रहा है, जिसके यातायात की व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु रुपसपुर से सगुना मोड़ तक अवस्थित लगभग 12 मीटर चौड़ा कच्चा नाला पर बॉक्स पुलिया सह सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
नेहरु पथ पर पाटली पथ के नीचे आयोजित कार्यक्रम स्थल से ही मुख्यमंत्री ने 21.35 करोड़ रुपये की लागत से नेहरु पथ से गोला रोड (कुल लंबाई 2.20 कि०मी०) पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। ज्ञातव्य हो कि गोला रोड क्षेत्र का विकास काफी तेजी से हुआ है। इस क्षेत्र में कई हाई राईज बिल्डिंग्स बने हैं, व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। साथ ही इस पथ का उपयोग आस-पास के रिहायशी इलाकों में तथा दानापुर जाने के लिए मुख्य पथ के रुप में किया जाता है। इस पथ के चौड़ीकरण के लिए जमीन उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिला के लिए की गई घोषणाओं से संबंधित पटना शहरी (पश्चिमी क्षेत्र) के अंतर्गत पथ निर्माण विभाग की 6 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं पर शीघ्र काम शुरु कर तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से पटना शहरी (पश्चिमी क्षेत्र) में आम लोगों के लिए यातायात काफी बेहतर होगा तथा जाम की समस्या में कमी आएगी। साथ ही नेहरु पथ से पाटली पथ होते हुए जे०पी० सेतु तथा एम्स तक पुहंचना आसान होगा। गोला रोड के चौड़ीकरण से पश्चिमी पटना के नए विकसित क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी।
पटना जिलान्तर्गत प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं से संबंधित आज कुल 766.73 करोड़ रु॰ की लागत से पटना शहरी क्षेत्र की 6 महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें नेहरू पथ के दोनों तरफ रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक भूमिगत नाले के साथ पथ का निर्माण एवं चौड़ीकरण, एम्स गोलम्बर… pic.twitter.com/en6YTmgOUI
— Nitish Kumar (@NitishKumar) August 11, 2025
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, विधान पार्षद श्री रविंद्र कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री संदीप कुमार आर० पुदुकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अभियंतागण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
