Bihar News: शराबी पति को बीवी ने तरबूज में जहर मिलाकर खिलाया, पति ने अस्पताल में तोड़ा दम

Gaya: बिहार के गयाजी में मंगलवार को पत्नी ने पति को तरबूज में जहर देकर मारने का सनसनी मामला सामने आया है। जहां एक पत्नी ने पति को तरबूज में जहर मिलाकर खिला दिया। जिससे पति की मौत हो गयी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ट्रक के खलासी मंटू यादव के रूप में हुई है।
घटना 26 मई दिन सोमवार की है, जहां 25 वर्षीय मंटू यादव की मौत जहरीला तरबूज खाने से हो गई। जहर तरबूज में मिलाकर उसकी पत्नी लखिया देवी ने ही खिलाया था। जिसके बाद मंटू की तबीयत बिगड़ गयी जिसके बाद आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मंटू यादव के रूप में हुई है। जो ट्रक में खलासी का काम करता था।
मंटू यादव की शादी 2022 में झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी खेमन यादव की बेटी लखिया देवी से हुई थी। शादी के बाद से लखिया देवी अधिकतर मायके में रहती थी, एक महीने पहले ही वह ससुराल लौटी थी। मंटू शराब पीता था और घर पर नशे की हालत में आया हुआ था। इसी बीच पति और पत्नी के बीच झगड़ा हुआ उसी रात मंटू घर से चला गया। जिसके बाद पत्नी लाखिया देवी ने फोन कर मंटू को वापस घर बुलाया।
पत्नी लाखिया देवी का कॉल आते ही वो फिर घर आ गया जहां दोनों बंद कमरे में चले गये। बताया जाता है कि कुछ देर बाद मंटू चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और दरवाजा खुलवाया तब मंटू ने परिजनों को बताया कि तरबूज में गोली मिलाकर उसे बीवी ने खिला दिया है। इतना कहते ही वो अचेतावस्था में हो गया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। मंटू यादव को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी पत्नी लाखिया देवी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गयी है।