G20: 'प्रेसिडेंट ऑफ भारत' लिखने पर राजनीति शुरू, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इंडिया की जगह भारत लिखने पर जताई आपत्ति

G20 सम्मेलन के रात्रिभोज कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में 'प्रेसिडेंट ऑफ भारत' लिखने पर राजनीति शुरू हो गई है। विपक्षी पार्टियां इसे लेकर सरकार पर निशाना साध रही हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पर कहा कि 'आज उन्होंने (केंद्र सरकार) इंडिया का नाम बदल दिया है।
G20 के रात्रिभोज के निमंत्रण पत्र में इंग्लिश में 'भारत' लिखा गया है। हम इंडिया और इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन कहते हैं। वहीं हिंदी में हम भारत का संविधान कहते हैं। हम सभी भारत कहते हैं और इसमें नया क्या है? लेकिन इंडिया नाम दुनियाभर में जाना जाता है.अब अचानक से क्या हो गया कि उन्हें देश का नाम बदलने की जरूरत पड़ गई?'
कांग्रेस ने भी सरकार के इस कदम की आलोचना की है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया है कि G20 के रात्रिभोज के लिए भेजे गए निमंत्रण पत्र में आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया को बदला गया है और उसकी जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत शब्द का इस्तेमाल किया गया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि 'जो इंडिया था, वह राज्यों का संघ था लेकिन अब तो राज्यों के संघ पर भी हमला किया जा रहा है।' थरूर ने कहा कि सरकार इतनी बेवकूफ नहीं होगी जो इंडिया नाम को पूरी तरह से हटा दे, जिसकी सदियों में एक ब्रांड वैल्यू बनी है।