logo

MP News: पीएम मोदी की स्मार्ट सिटी की सौगात से सागर में जमीनी स्तर पर हुआ विकास: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

 | 
MP News: पीएम मोदी की स्मार्ट सिटी की सौगात से सागर में जमीनी स्तर पर हुआ विकास: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

संवाददाता कशी नाथ

Bhopal: नगर निगम द्वारा तिली चौराहे पर 8 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, श्री श्याम तिवारी, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, एम आईं सी सदस्य, पार्षद एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सागर के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने सभी विधायकों को 15 करोड़ की अतिरिक्त राशि दी ताकि वे अपने क्षेत्र में विभिन्न विकास के आवश्यक कार्य करा सकें और सागर के विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने इसमें से 8 करोड़ की राशि से यह ऑडीटोरियम बनाने का निर्णय लिया। इसके निर्माण से समाज को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं को देरी से पूरा होने में एक बड़ा कारण भूमि की उपलब्धता न हो पाना होती है। उन्होंने सागर कलेक्टर श्री संदीप जीआर की सराहना करते हुए कहा कि कलेक्टर ने तत्परता से भूमि उपलब्ध कराई है। इस ऑडीटोरियम के लिए इससे अच्छा स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भूमि-पूजन के साथ ही अब निर्माण एजेंसी तत्काल मशीनें लगाकर कार्य को तेजी से पूरा करें और प्रतिमाह प्रगति से हमें अवगत करायें।

डॉ. हरीसिंह गौर की नगरी सागर में शिक्षा का विशेष स्थान है यहां के लोग बड़े क्रान्तिकारी विचारों के हैं और अपने शहर के विकास के लिए सजग हैं। मैं अब सागर में आता हूँ तो ख़ुशी होती है कि सागर में अन्य शहरों की अपेक्षा तेजी से विकास और बदलाव हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्मार्ट सिटी की सौगात देकर धन राशि दी और आज सागर में जमीनी स्तर पर विकास दिख रहा है सड़के चौड़ी हुई हैं, अत्याधुनिक खेल सुविधाएं, पार्क, झील का सौन्दर्यीकरण आदि सब देखते ही बनता है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वच्छता में सागर को अग्रणी बनाने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज इंदौर स्वच्छता में प्रथम है क्योंकि स्वच्छता वहां के बच्चे-बच्चे के संस्कार में शामिल हो चुकी है। इंदौर का बच्चा भी अब कचरा नहीं फैलाता है। सागर के सभी नागरिक मिलकर सागर को भी नंबर वन बना सकते हैं। सागर में भी स्वच्छता का संस्कार घर-घर हर बच्चे, बड़े, बूढ़े में होना चाहिए। हम सब न कचरा फैलाएं और न ही किसी को फैलाने दें।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत तेजी से विकसित हो रहा है। भारत में आज पैसों की कमी नहीं हैं। भारत की अर्थव्यवस्था 5 वें स्थान से तीसरे स्थान पर आ गई है और जल्दी ही पहले स्थान पर भी होगी। गांव-गांव में सड़क, पानी, बिजली उपलब्ध हो रही है। गांव-गांव में घर तक नल से जल के रूप में फिल्टर वाटर उपलब्ध कराया जा रहा है। सागर में वाईपास सड़क की आवश्यकता वर्षों से थी, आज इसके निर्माण का कार्य भी स्वीकृत होकर प्रारम्भ किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि 20 फ़रवरी से 31 मार्च तक निरोगी काया कल्प अभियान प्रारम्भ किया गया है। इसके तहत 30 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क मेडिकल जाँच का फायदा मिलेगा। इसमें ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, फैटी लीवर जैसी स्वास्थ्य से जुड़ी बुनियादी समस्याओं की जाँच समय पर हो सकेगी और समय रहते उपचार से बड़ी बीमारियों के होने की संभावना को कम किया जा सकेगा।

श्री नरेन्द्र मोदी के राइट टू हेल्थ अभियान की तरह यह राइट टू स्क्रीनिंग मतलब निःशुल्क जाँच कराने का अधिकार नागरिकों के लिए विशेष लाभप्रद होगा। सागर की सभी एएनएम और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसे लोगों की स्क्रीनिंग करें और स्वास्थ्य के प्रति सभी को जागरूक बनाएं। जल्दी ही हम कैंसर की जाँच हेतु भी व्यापक अभियान चलाएंगे।

विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि हम सबका सौभाग्य है जो हमारे प्रभारी मंत्री मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल के कुशल नेतृत्व में सागर के विकास कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष निधि से राशि उपलब्ध कराई ताकि सागर में आवश्यक विकास किया जा सके। उन्होंने पहले 15 करोड़ रूपये दिये थे जिससे हमने 48 वार्डों में मंगल भवन बनाने का कार्य किया और मुझे ख़ुशी है कि आज 48 में से 32 मंगल भवन बनकर तैयार हैं, जो जरूरमंद नागरिकों के मंगल कार्यों में सहायक बने हैं। अब जो राशि हमें मिली उससे ऑडीटोरियम निर्माण किया जा रहा है। हमारे यहां पहले ही पद्माकर सभागार, यूनिवर्सिटी का ऑडिटोरियम और बीएमसी का ऑडीटोरियम उपलब्ध है, परन्तु हमारे शहर को आवश्यकता थी कि और भी ऑडीटोरीयम ऐसे आवश्यक स्थलों पर बने। आज जिस ऑडीटोरियम का भूमि-पूजन किया गया है वह 2026 के अंत तक नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध होगा। हमारी आगामी विशेष निधि को लेकर कार्ययोजना है कि शहर में खेल मैदान उपलब्ध कराएं जाएँ। खेल मैदानों का महत्त्व बच्चों के विकास के साथ जुड़ा है। आगामी वर्ष में 15-20 खेल मैदान बेसिक खेल सुविधाओं सहित तैयार कराने का प्रयास करेंगे।

महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि आज उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के कर कमलों द्वारा सागर नगर में विकास का ऐसा अध्याय जुड़ रहा है, जो कई दशकों तक लोगों को उपयोगी रहेगा। इसके निर्माण से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक आयोजन भव्यता के साथ किये जा सकेंगे। रंगकर्म और अन्य प्रस्तुतियों के लिये नए-नए मंच उपलब्ध होंगे।

महापौर ने कहा कि सागर न केवल शिक्षा का केंद्र रहा है बल्कि यह साहित्य, सांस्कृतिक धरोहरों व परम्पराओं का भी संगम है। इस ऑडिटोरियम से सभी दिशाओं में प्रस्तुतियों और परिस्कृत बनाने में विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने सागर के नागरिकों को स्वच्छता में सहभागिता करने की अपील की और कहा कि सागर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में तो अग्रणी बनाना ही है, साथ ही एक संस्कृति बनाना है कि सागर का प्रत्येक रहवासी स्वच्छता का प्रतीक बने।

कार्यक्रम के शुभारंभ में निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने ऑडिटोरियम निर्माण की जानकारी देते हुए कहा कि 8 करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रहे ऑडिटोरियम में 30 हजार वर्गफीट जगह में 10 हजार वर्गफीट में बिल्डिंग बनेगी जिसमें 350 सीट, भव्य मंच, चेंजिंग रूम सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Around the web